
आखिरी गेंद पर सिक्स…आयुष बदोनी की साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को मिली हार; DPL 2025 का शानदार आगाज
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज वर्सेस ईस्ट दिल्ली राइडर्स DPL 2025 का पहला मैच काफी रोमांचक रहा। आयुष बदोनी की साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को इस मैच में करीबी हार का सामना करना पड़ा।
दिल्ली प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन का आगाज शनिवार, 2 अगस्त से हो चुका है। साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज वर्सेस ईस्ट दिल्ली राइडर्स DPL 2025 का पहला मैच काफी रोमांचक रहा। आयुष बदोनी की साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को इस मैच में करीबी हार का सामना करना पड़ा। ईस्ट दिल्ली राइडर्स के रोहन राठी ने आखिरी गेंद पर सिक्स लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए थे, इस स्कोर को ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 5 विकेट रहते चेज किया और सीजन की पहली जीत दर्ज की।

शानदार ओपनिंग सेरेमनी और बारिश की खलल के बाद मैच थोड़ा देरी से शुरू हुआ। हालांकि ओवर में किसी तरह की कोई कटौती नहीं हुई। साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला लिया।
सार्थक रे ने 41 तो अभिषेक खंडेलवाल ने 40 रनों की शानदार पारी खेली। कप्तान अयुष बदोनी 20 गेंदों पर 25 ही रन बना सके।
अजय अहलावत और आशीष मीणा ने इस दौरान 2-2 विकेट चटकाए।
170 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पावरप्ले में टीम 42 रन ही बना सकी। हालांकि इसके बाद कप्तान अनुज रावत ने 35 गेंदों पर 55 रनों की शानदार पारी खेल टीम को जीत की राह दिखाई।
आखिरी गेंद पर ईस्ट दिल्ली राइडर्स को जीत के लिए 15 रनों की दरकार थी। पहली पांच गेंदों पर दो नो बॉल समेत ईस्ट दिल्ली ने 13 रन बटोर लिए थे, आखिरी गेंद पर 2 रनों की दरकार थी, तब रोहन राठी ने मिड विकेट की दिशा में छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।




