पहले ही मैच में अफ्रीकी बल्लेबाज जॉर्डन हरमन ने गर्दा उड़ाया, एक रन से वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने से बचा
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज जॉर्डन हरमन ने वनडे डेब्यू मैच में सर्वाधिक रन बनाने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की। उन्होंने नामीबिया के खिलाफ 150 रन बनाए।

दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। पहले मुकाबले में अफ्रीका की टीम ने जॉर्डन हरमन की शतकीय पारी की बदौलत 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 348 रन बनाए। उन्होंने टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए। इस शतकीय पारी के साथ उन्होंने डेब्यू मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है। हालांकि वह वर्ल्ड रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए। उनके अलावा टोनी डी जॉर्जी ने 72 रनों की दमदार पारी खेली। नामीबिया की ओर से रूबेन ट्रम्पेलमैन ने 4 विकेट चटकाए।
वनडे डेब्यू पर सबसे ज्यादा रन
वनडे क्रिकेट में अपने डेब्यू मैच में सबसे ज्यादा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के मैथ्यू ब्रीट्जके के नाम है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2025 में 150 रन बनाए थे। अफ्रीका के ही जॉर्डन हरमन ने अब इस वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। उन्होंने नामीबिया के खिलाफ पहले वनडे में 150 रन बनाए। इस लिस्ट में वेस्टइंडीज के डेसमंड हेन्स तीसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1978 में अपने पहले मैच में 148 रन बनाए थे। अफगानिस्तान के अनुभवी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने 2021 में अपने वनडे डेब्यू मैच में आयरलैंड के खिलाफ 127 रन की दमदार पारी खेली थी।
अफ्रीका ने बनाए 348 रन
दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में पहला विकेट गंवाया। सलामी बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजेन 19 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद टोनी डी जॉर्जी और जॉर्डन हरमन ने पारी को संभाला और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 166 गेंद में 190 रन की साझेदारी हुई। जॉर्जी 84 गेंद में 72 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और एक छक्का लगाया। अफ्रीका को तीसरा झटका हरमन के रूप में लगा। उन्होंने 126 गेंद में 150 रन की दमदार पारी खेली। उन्होंने 17 चौके और तीन छक्के लगाए।
रूबेन ट्रम्पेलमैन ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। डेवाल्ड ब्रेविस 28 गेंद में 33 रन ही बना सके। उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। विकेटकीपर बल्लेबाज रूबिन हरमन 8 रन ही बना पाए। जेसन स्मिथ ने 15 रन बनाए। कॉर्बिन बॉश 24 गेंद में 39 रन बनाकर नाबाद लौटे। उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के और एक चौका लगाया। नामीबिया ने अफ्रीका की पारी के दौरान 20 अतिरिक्त रन दिए। टीम के लिए रूबेन ट्रम्पेलमैन ने सर्वाधिक विकेट लिए। उन्होंने अफ्रीकी बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखाया। उनके अलावा जेजे स्मिट और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने एक एक विकेट चटकाए।



