नामीबिया के खिलाफ आज तक एक टी20 मैच नहीं जीत पाया साउथ अफ्रीका, फिर हुई मिट्टी पलीद

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

साउथ अफ्रीका ने टी20 क्रिकेट में 18 टीमों के खिलाफ कम से कम एक मुकाबला खेला है, जिसमें नामीबिया एकमात्र ऐसी टीम रही है जिसके खिलाफ वह आज तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है।

South Africa have Never won a T20 match against Namibia
नामीबिया क्रिकेट टीम

क्या आप इस बात पर विश्वास कर पाएंगे कि साउथ अफ्रीका जैसी बड़ी टीम, जिसने 2024 टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल खेला था, जो टीम लगातार बड़े आईसीसी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल तक पहुंचती है, वह कभी नामीबिया जैसी छोटी टीम को नहीं हरा पाई? इस पर विश्वास करना थोड़ा कठिन है। नामीबिया में इस समय एक ट्राई सीरीज खेली जा रही है, जिसमें साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे की टीमें हिस्सा ले रहीं हैं। सीरीज का पहला मैच नामीबिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेला गया, जिसमें मेजबान टीम ने 18 रनों से जीत दर्ज करते हुए बड़ा उलटफेर किया। यह नामीबिया की साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 क्रिकेट में दूसरी जीत है।

नामीबिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 क्रिकेट में अभी तक सिर्फ दो ही मुकाबले खेले गए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि यह दोनों ही मैच नामीबिया ने जीते हैं।

साउथ अफ्रीका ने टी20 क्रिकेट में अभी तक 18 टीमों के खिलाफ कम से कम 1 मुकाबला खेला है, जिसमें नामीबिया एकमात्र ऐसी टीम है जिसे वह एक बार भी नहीं हरा पाई है। यह एक हैरान कर देने वाला आंकड़ा है।

साउथ अफ्रीका नामीबिया की पहली भिड़ंत अक्टूबर 2025 में हुई थी, जहां अफ्रीकी टीम को 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।

नामीबिया ने दिया 164 रनों का टारगेट

टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी नामीबिया की टीम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। लौरेन स्टीनकैंप (41) और जान फ्राइलिनक (60) की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी कर एक मजबूत बेस बनाया। लौरेन के आउट होने के बावजूद जान लगे रहे, मगर पहला विकेट गिरने के बाद मेजबान टीम के बल्लेबाज मैच पर अपना कंट्रोल नहीं रख पाए। कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने इसके बाद 19 रन बनाए। जैसे-तैसे नामीबिया की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 163 के स्कोर तक पहुंची। साउथ अफ्रीका के लिए प्रीलेन सुब्राय ने सबसे अधिक 3 विकेट चटकाए।

145 रन पर ही अटकी साउथ अफ्रीका की गाड़ी

164 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। दोनों ओपनर ल्हुआन-ड्रे प्रीटोरियस और जॉर्डन हरमन सस्ते में पवेलियन लौट गए। प्रीटोरियस ने 9 तो जॉर्डन ने 7 ही रन बनाए। नंबर-3 पर उतरे डेवाल्ड ब्रेविस ने 50 गेंदों पर 4 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 75 रनों की शानदार पारी खेली, मगर दूसरे छोर से उन्हें किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। डुआन जैनसेन ने अंत में 17 गेंदों पर 25 रनों की नाबाद पारी खेली। इन दोनों के अलावा साउथ अफ्रीका का कोई बल्लेबाज अपनी छाप नहीं छोड़ पाया। निर्धारित 20 ओवर में अफ्रीकी टीम 9 विकेट के नुकसान पर 145 रन ही बोर्ड पर लगा पाई। नामीबिया ने इस तरह मैच को 18 रनों से अपने नाम किया।

रूबेन ट्रम्पेलमैन और जेजे स्मिथ ने 3-3 विकेट लेकर साउथ अफ्रीका को घुटने टेकने पर मजबूर किया।

जेजे स्मिथ को प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।

इस ट्राई सीरीज का दूसरा मुकाबला आज 29 अगस्त को साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच खेला जाना है।

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़नामीबिया के खिलाफ आज तक एक टी20 मैच नहीं जीत पाया SA, फिर हुई मिट्टी पलीद