Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़South Africa captain Temba Bavuma Acknowledges virat Kohli Rohit sharma Factor Their Presence Bolsters India
फिट होते ही तेम्बा बावुमा के बदले तेवर, विराट कोहली-रोहित शर्मा के टीम में होने पर ये कहा

फिट होते ही तेम्बा बावुमा के बदले तेवर, विराट कोहली-रोहित शर्मा के टीम में होने पर ये कहा

संक्षेप:

साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने कहा है कि अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा का उनकी टीम में होना भारत को मजबूती प्रदान करता है, लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इन दिग्गजों का सामना करना उनके लिए कोई नई बात नहीं है।

Dec 02, 2025 04:07 pm ISTHimanshu Singh Bhasha
share Share
Follow Us on

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा का मानना है कि विराट कोहली और रोहित शर्मा की मौजूदगी वाली भारतीय टीम का सामना करना कोई नई बात नहीं है, लेकिन इससे मेजबान टीम को मजबूती मिलती है। बावुमा की अगुवाई में दक्षिण अफ्रीका ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत को 2-0 से करारी शिकस्त दी थी। बावुमा तीन मैचों की वनडे सीरीज के शुरुआती मुकाबले में एकादश का हिस्सा नहीं थे लेकिन वह बुधवार को खेले जाने वाले दूसरे वनडे में वापसी के लिए तैयार हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

रांची में खेले गये पहले मैच में कोहली के 52वें वनडे शतक और रोहित के 57 रनों की बदौलत भारत ने 17 रन से जीत दर्ज की थी। बावुमा ने शहीद वीर नारायण स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के अभ्यास सत्र से पहले मीडिया से कहा, ‘‘इन दो खिलाड़ियों के आने से टीम को मजबूती मिलती है। जैसा कि हमने सीरीज की शुरुआत में कहा था। ये दोनों खिलाड़ी काफी अनुभवी और कुशल हैं। इससे टीम को फायदा ही होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐसी बात नहीं है जिसके बारे में हमें जानकारी न हो।’’

बावुमा ने कहा कि रोहित की मौजूदगी वाली भारतीय टीम ने 2007 में दक्षिण अफ्रीका में जब टी20 विश्व कप जीता था तक वह स्कूली छात्र थे। उन्होंने कहा, ‘‘हमने रोहित के खिलाफ खेला है। मुझे लगता है कि 2007 के टी20 विश्व कप के समय मैं स्कूल में था। मेरा मतलब है, ये खिलाड़ी काफी समय से भारतीय टीम में है, इसलिए इसमें कोई नई बात नहीं है। ये विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं।’’

उन्होंने कहा, ''उनके खिलाफ खेलना कोई नई बात नहीं है, हम उनका सामना कर चुके हैं। यह भी सही है कि उनकी मौजूदगी में हमें ज्यादातर मैचों में निराशा मिली है लेकिन हमने उनके खिलाफ अच्छा समय भी बिताया है। यह सब इस सीरीज को और भी रोमांचक बनाता है।’’

ये भी पढ़ें:दो दिन में मैच हारी तो इंग्लैंड की टीम ने किया बदलाव, मार्क वुड हुए बाहर

बावुमा ने इस बीच कहा कि दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन के खेल के दौरान दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच शुकरी कोनराड द्वारा इस्तेमाल किए गए ‘ग्रोवेल (घुटना टेकने पर मजबूर करना)’ शब्द पर उन्हें स्पष्टीकरण देने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘नहीं, मुझे नहीं लगता कि यह ध्यान भटकाने वाला है। मुझे इस पर स्पष्टीकरण देने की जरूरत नहीं है।’’

बावुमा ने पहले वनडे में 39 गेंद में 70 रन की पारी खेल कर दक्षिण अफ्रीका की मैच में वापसी कराने वाले मार्को यानसन की जमकर तारीफ करते हुए कहा, ‘‘ एक हरफनमौला के तौर पर मुझे नहीं पता कि वह रैंकिंग में कहां है (लेकिन) मुझे यकीन है कि यानसेन किसी एक प्रारूप में शीर्ष 10 में जरूर होंगे। उनका बल्ले या गेंद या दोनों से योगदान का हमारी सफलता में बहुत बड़ी भूमिका रहा है।’’ बावुमा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका ने 12 में से 11 टेस्ट मैच जीते हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेट संचालकों से शीर्ष देशों के खिलाफ अधिक टेस्ट मैच रखने की मांग की।

Himanshu Singh

लेखक के बारे में

Himanshu Singh
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। इसके बाद 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ बतौर सीनियर कंटेंट राइटर अपनी पारी शुरू की। अपने करियर के दौरान हिमांशु ने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, आईपीएल, क्रिकेट वर्ल्ड कप जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |