लगा कि 200 प्लस का स्कोर बनेगा लेकिन... न्यूजीलैंड को रौंदकर कप्तान मार्करम हुए गदगद
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड को सात विकेट से रौंदकर गदगद हैं। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका अपनी पूरी क्षमता के काफी करीब पहुंच गया है।

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ी जीत के बाद कहा कि उनकी टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलने के काफी करीब पहुंच गई है। दक्षिण अफ्रीका ने शनिवार को गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले न्यूजीलैंड को 175 रन पर रोक दिया और फिर आसानी से लक्ष्य हासिल कर दिया। दक्षिण अफ्रीका ने ग्रुप डी के अहम मुकाबले में न्यूजीलैंड को 17 गेंद शेष रहते सात विकेट से हराकर सुपर आठ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली।
मार्करम ने मैच के बाद संवाददाताओं से के कहा, ''आज हम अपनी पूरी क्षमता के काफी करीब पहुंच गए। मुझे लगता है कि हमने सभी क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन किया। इस पिच पर माना जा रहा था कि 200 रन से अधिक का स्कोर बनेगा। ऐसे में उन्हें कम स्कोर पर रोकना बहुत अच्छा प्रयास था। पिच वास्तव में बहुत अच्छी थी और खेल आगे बढ़ने के साथ-साथ बेहतर होती गई।'' दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ने अपने गेंदबाजों की चतुराई से परिस्थितियों को समझने और आत्मविश्वास के साथ अपनी गेंदबाजी में विविधता लाने की सराहना की।
उन्होंने कहा, ''यह कोई तय योजना नहीं है। यह काफी हद तक बल्लेबाजों के खेलने के तरीके पर निर्भर करता है। अगर कोई बल्लेबाज पूरी क्षमता से खेलने की कोशिश कर रहा है और आप पर हावी होना चाहता है तो आपको उसके अनुसार गेंदबाजी करनी होगी और ऐसा गेंद की गति में बदलाव से भी किया जा सकता है।'' मार्करम ने कहा, ''खेल के दौरान कुछ ऐसे अवसर भी आ सकते हैं जहां चीजें मुश्किल हो सकती हैं। यह एक नाजुक संतुलन है। लेकिन आज हमने परिस्थितियों के अनुसार खेला और सफलता हासिल की।''
उन्होंने कहा कि क्षेत्ररक्षण की सजावट गेंदबाज अपने हिसाब से करते हैं। इससे तेज गेंदबाजी करने या बीच में धीमी गेंद करने में लचीलापन आता है। मार्करम ने कहा, ''यह आपको व्यापक विकल्प और सीधे विकल्प भी देता है। अधिकतर टीमें इसी लचीलेपन की तलाश में रहती हैं, जो गेंदबाज के प्रकार और पिच की प्रकृति के अनुसार हो।'' मार्को यानसन (40 रन पर चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद मारक्रम ने आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने 44 गेंद की पारी में छह चौके और चार छक्कों की मदद से नाबाद 86 रन बनाए।

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





