सौरव गांगुली ने किया भारत की आक्रामक बल्लेबाजी रणनीति का समर्थन, बोले- फेल भी हो जाएं तब भी…
सौरव गांगुली ने टी20 विश्व कप में भारतीय टीम की आक्रामक बल्लेबाजी रणनीति का समर्थन किया है। उन्होंने ईशान किशन और अभिषेक शर्मा की तारीफ की और कहा उन्हें आक्रामकता पर अंकुश नहीं लगाना चाहिए।

पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने टी20 विश्व कप में भारतीय टीम की आक्रामक बल्लेबाजी रणनीति का समर्थन किया है। उन्होंने रविवार को कहा कि ईशान किशन और अभिषेक शर्मा जैसे शीर्ष क्रम के खिलाड़ियों को असमान उछाल वाली पिचों पर भी बल्ले से अपनी आक्रामकता पर अंकुश नहीं लगाना चाहिए। टूर्नामेंट के पहले मैच में अमेरिका के खिलाफ शुरू से ही आक्रामक खेलते हुए बाद भारत का स्कोर छह विकेट पर 77 रन हो गया था, जिसके बाद टीम ने वापसी करते हुए एक प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाया। गांगुली ने कहा कि यह तरीका आधुनिक टी20 क्रिकेट का एक स्वाभाविक नतीजा है।
गांगुली ने नई दिल्ली में भारत कोरपोरेट प्रीमियर लीग के चौथे सत्र के मौके पर कहा, ''टी20 क्रिकेट यही है। आपको लगातार हिट करते रहना होता है। वे बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं और वे लंबे समय से ऐसा कर रहे हैं। ऐसा होगा ही। कुछ मैच ऐसे होंगे जिनमें वे चूक जाएंगे, क्योंकि वे भी इंसान हैं और जब आप हर समय हिट करते रहेंगे तो आप चूकेंगे ही। ''
भारतीय टीम को लेकर गांगुली ने कहा, ''यह एक बहुत ही मजबूत टीम है। बहुत संतुलित मजबूत टीम है जिसमें गेंदबाजी, बल्लेबाजी, स्पिन गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण सब संतुलित है। जैसे-जैसे विश्व कप आगे बढ़ेगा, वे बेहतर होते जाएंगे क्योंकि एक बार जब आप टूर्नामेंट में खेलने लग जाते हैं तो लय आ जाती है। मैं भारत को प्रबल दावेदार मानता हूं और उन्हें हराना बहुत मुश्किल होगा।''
गांगुली ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की सराहना करते हुए उन्हें एक सिद्ध मैच-विजेता बताया जो किसी भी दिन अकेले दम पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा, ''वह न्यूजीलैंड के खिलाफ बहुत रन बनाकर इस टूर्नामेंट में आए हैं। वह एक चैंपियन टी20 खिलाड़ी हैं। वह जिस तरह से गेंद को मैदान पर अलग-अलग हिस्सों में मारते हैं, वह अविश्वसनीय है। यह ऐसी टीम है जहां किसी भी दिन कोई भी खिलाड़ी बेहतरीन प्रदर्शन कर सकता है। जैसा कि मैंने कहा, वे सभी मैच का रुख बदल सकते हैं। ''
अमेरिका के खिलाफ भारत तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बिना उतरा था जो पेट खराब होने के कारण नहीं खेले थे। लेकिन पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान ने कहा कि टीम ने चुनौती का प्रभावी ढंग से जवाब देकर अपनी गहराई दिखाई। जहीर ने कहा, ''बुमराह का नहीं होना निश्चित रूप से एक चिंता का विषय था जिसके बारे में हर कोई सोच रहा होगा। लेकिन (मोहम्मद) सिराज ने अच्छा प्रदर्शन किया। यह एक टीम के तौर पर महत्वपूर्ण रहा, क्योंकि एक ऐसा खिलाड़ी जो टीम का हिस्सा नहीं था, उसे मौका मिला और उसने शानदार प्रदर्शन किया। ''
बुमराह के इस्तेमाल के बारे में पूछे जाने पर कि क्या उन्हें पावरप्ले में तीन ओवर गेंदबाजी करनी चाहिए तो जहीर ने सुझाव दिया कि भारत के लिए पारी के दौरान उनके कार्यभार को प्रबंधित करना बेहतर होगा। उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि उन्होंने इसके साथ प्रयोग किया है। बुमराह प्रभाव डालने के मामले में अधिकांश कार्यभार संभाल रहे हैं। आप उन्हें अपनी पसंद के अनुसार किसी भी तरह से इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन आपको पूरे सेटअप को देखना होगा। मुझे लगता है कि वह पारी के आखिरी ओवरों में बेहतर हैं। ''
गांगुली ने पाकिस्तान के विश्व कप मैच से पीछे हटने के फैसले पर भी हैरानी जताई। उन्होंने कहा कि हर मैच का महत्व होता है। उन्होंने कहा, ''मैं पाकिस्तान के विश्व कप से पीछे हटने से सच में हैरान हूं। आप विश्व कप जीतने के लिए आते हैं और हर अंक अहम होता है। आप विश्व कप में अंक नहीं गंवा सकते इसलिए मैं थोड़ा हैरान हूं। लेकिन यह उनका फैसला है। '' पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की थी कि टीम कोलंबो में 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच के लिए मैदान पर नहीं उतरेगी जबकि बाकी टूर्नामेंट खेलना जारी रखेगी।
लेखक के बारे में
Vikash Gaurविकाश गौड़: डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर कम असिस्टेंट मैनेजर, स्पोर्ट्स
संक्षिप्त विवरण:
विकाश गौड़ पिछले 8 वर्षों से हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
विस्तृत बायो:
परिचय और अनुभव: विकाश गौड़ भारतीय डिजिटल स्पोर्ट्स मीडिया का एक उभरता हुआ चेहरा हैं। लगभग 8 वर्षों के अनुभव के साथ, विकाश ने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को जमीन से समझा है। 2016 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकाश ने डिजिटल-फर्स्ट अप्रोच के साथ खेल पत्रकारिता में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। जनवरी 2021 से वह 'लाइव हिन्दुस्तान' की स्पोर्ट्स टीम के मुख्य स्तंभ बने हुए हैं, जहां वह कंटेंट प्लानिंग और स्पोर्ट्स कवरेज का नेतृत्व करते हैं।
करियर का सफर:
मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से पत्रकारिता का ककहरा सीखने के बाद विकाश का सफर 'खबर नॉन स्टॉप' से शुरू हुआ था, जो अब देश के प्रतिष्ठित मीडिया घरानों तक फैला हुआ है। उन्होंने पत्रिका समूह की वेबसाइट 'कैच न्यूज' में खेल की खबरों की तकनीकी समझ विकसित की। इसके बाद 'डेली हंट' में वीडियो प्रोड्यूसर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने विजुअल स्टोरीटेलिंग के गुर सीखे। 'दैनिक जागरण' की वेबसाइट में करीब ढाई साल तक खेल डेस्क पर अपनी धार तेज करने के बाद, उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान का रुख किया, जहां वे बीते 4 साल से चौके-छक्के लगा रहे हैं। इंटर्न के तौर पर प्रिंट की समझ हासिल कर चुके विकाश गौड़ के पास अब डिजिटल की अच्छी समझ है और वे ट्रेंड को बखूबी फॉलो करते हैं।
खेल जगत की कवरेज और विशेषज्ञता:
अपने अब तक के करियर में विकाश ने दुनिया के कई बड़े खेल आयोजनों को डेस्क और फील्ड पर रहकर कवर किया है। उनकी विशेषज्ञता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स की भी गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख आयोजनों का व्यापक विश्लेषण और रिपोर्टिंग की है:
क्रिकेट:आईसीसी क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज।
ग्लोबल इवेंट्स: ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल
पत्रकारिता का दृष्टिकोण:
विकाश का मानना है कि खेल पत्रकारिता केवल स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के संघर्ष, खेल की रणनीति और डेटा के पीछे छिपी कहानी को पाठकों तक पहुंचाने का माध्यम है। लाइव हिन्दुस्तान में अपनी भूमिका में वह सुनिश्चित करते हैं कि खेल की खबरें सटीक, तेज और निष्पक्ष हों, जिससे पाठकों को एक संपूर्ण अनुभव मिल सके।
विशेषज्ञता:
क्रिकेट विश्लेषण एवं लाइव कवरेज
ओलंपिक एवं ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट्स
इंटरव्यू एवं मीडिया इंटरैक्शन
स्पोर्ट्स डेटा एंड स्टेटिस्टिक्स
डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी एंड टीम मैनेजमेंट
ट्विटर प्रोफाइल
लिंक्डइन और पढ़ें



