वैभव सूर्यवंशी से तुरंत चमत्कार की उम्मीद नहीं करें, टी20 टीम में चयन पर बोले सौरव गांगुली
सौरव गांगुली का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी पर ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए। उन्होंने कहा है कि 15 वर्षीय बल्लेबाज से तुरंत दुनिया जीत लेने की उम्मीद मत कीजिए।

पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने रविवार को कहा कि भारत के लिए पदार्पण की दहलीज पर खड़े किशोर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अपने खेल में ढलने का समय दिया जाना चाहिए और उन पर अपेक्षाओं का बोझ नहीं डाला जाना चाहिए। पंद्रह वर्षीय सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के दौरे के लिए टी20 टीम में चुना गया है जिसके बाद वह जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भी हिस्सा लेंगे।
दुनिया जीत लेने की उम्मीद मत कीजिए
दिग्गज सौरव गांगुली ने एक कार्यक्रम के इतर पीटीआई से कहा, ''मेरा मानना है कि हमें उसे उसके हाल पर छोड़ देना चाहिए। वह अभी महज 15 साल का है और मुझे नहीं लगता कि वह दबाव की ज्यादा परवाह करेगा। आईपीएल में भी हमने यही देखा है। ‘’
पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा कि ब्रिटेन की परिस्थितियां आईपीएल में माहौल से काफी अलग होंगी और सूर्यवंशी को अपने खेल को उसके अनुसार ढालने की चुनौती मिलेगी। उन्होंने कहा, ''निश्चित रूप से भारत के लिए खेलना अलग बात है और वह ऐसे दौरे पर जाएगा जहां विकेट थोड़े अलग होंगे। ''
पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ''वहां गेंद अधिक सीम करेगी, उछाल ज्यादा होगा और नई गेंद से अधिक मूवमेंट मिलेगा। इसलिए खेल थोड़ा अलग होगा, लेकिन मुझे लगता है कि उसमें अपार प्रतिभा है। '' उन्होंने कहा, ''इसलिए उसे समय दीजिए। उससे तुरंत दुनिया जीत लेने की उम्मीद मत कीजिए। उसे अपने खेल में जमने का मौका दीजिए क्योंकि भारत में कई अन्य खिलाड़ियों की तरह उसमें भी बहुत प्रतिभा है। ‘’
डिविलियर्स चयन से खुश
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने कहा कि सूर्यवंशी के कम अनुभव को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। उनके अनुसार सूर्यवंशी ने अपने शानदार प्रदर्शन से भारतीय टीम में जगह बनाने का पूरा हक हासिल किया है। डिविलियर्स ने कहा, ''यह कहना आसान है कि वह अभी बहुत छोटा है, तैयार नहीं है या उसे और अनुभव की जरूरत है। '' उन्होंने कहा, ''लेकिन उसने अपने प्रदर्शन से साबित कर दिया है कि वह भारतीय टी20 टीम में जगह पाने का हकदार है। मैं उसके लिए बहुत खुश हूं। ''
सूर्यवंशी को शनिवार को भारतीय टीम में चुना गया। वह 15 साल और 71 दिन की उम्र में भारतीय टीम में स्थान बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। अगर उन्हें खेलने का मौका मिलता है तो वह भारत की तरफ से सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का सचिन तेंदुलकर रिकॉर्ड तोड़ देंगे।
समस्तीपुर जिले के ताजपुर के रहने वाले सूर्यवंशी उस भारतीय टीम का हिस्सा होंगे जो दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों (26 जून और 28 जून) के लिए आयरलैंड का दौरा करेगी। इसके बाद यह टीम एक से 11 जुलाई के बीच इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेलेगी।
लेखक के बारे में
Himanshu Singhहिमांशु सिंह (कंटेंट प्रोड्यूसर)
हिंमांशु सिंह पिछले 6 वर्षों से खेल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं।
परिचय और अनुभव
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। उन्होंने 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ अपनी पारी की शुरुआत की थी। खेल की बारीकियों को समझने और उन्हें पाठकों तक रोचक अंदाज में पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि : हिमांशु ने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईएमएस (नोएडा) से पूरी की है। खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें करियर की शुरुआत में ही खेल पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया। उन्होंने 2017 में 'पंचायती टाइम्स' वेबसाइट में बतौर ट्रेनी अपने करियर का पहला कदम रखा, जहां उन्होंने खेल रिपोर्टिंग की बुनियादी बारीकियां सीखीं।
खेल विश्लेषण एवं रिपोर्टिंग
लाइव मैच कवरेज और डेटा विश्लेषण
खिलाड़ियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू और प्रोफाइल
डिजिटल स्पोर्ट्स कंटेंट स्ट्रेटजी



