स्मृति मंधाना को कितने मैचों में कप्तानी करने का एक्सपीरियंस? ODI में तो ‘जीत का चौका’ लगाया
Smriti Mandhana Record as Captain: स्मृति मंधाना को भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान नियुक्त किया गया है। वह इस महीने जिम्बाबे के खिलाफ सीमित ओवर सीरीज में टीम की अगुवाई करेंगी।

स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को बड़ी जिम्मेदारी मिल चुकी है। वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नई कप्तान बन गई हैं। 30 वर्षीय मंधाना को हरमनप्रीत कौर की जगह यह जिम्मेदारी सौंपी गई। 37 वर्षीय हरमनप्रीत के नेतृत्व में भारत ने महिला वर्ल्ड कप जीतने के अलावा एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल हासिल किया। मंधाना लंबे समय से उपकप्तान थीं। उनके पास कप्तानी का भी अनुभव है। मंधाना 20 से ज्यादा मैचों में भारतीय टीम की कमान संभाल चुकी हैं। वह नियमित कप्तान नियुक्त होने के बाद 16 अक्टूबर से एक्शन में नजर आएंगी। भारत को घर पर जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन T20I मैचों के अलावा तीन वनडे की सीरीज खेलनी है।
स्मृति मंधाना का कप्तानी का रिकॉर्ड कैसा है?
स्मृति मंधाना ने साल 2013 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उन्हें भारत की कमान संभालने का पहली बार मौका 2019 में टी20 मैच में मिला था। मंधाना ने अभी तक 18 टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से टीम ने 11 जीते और 6 गंवाए। एक मैच बेनतीजा रहा। उन्होंने भारत की चार वनडे मैचों में बागडोर संभाली और टीम ने हर बार जीत का स्वाद चखा। मंधाना ने ओवरऑल 60 टी20 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से 33 जीते और 25 में हार का मुंह देखा। एक टाई रहा और एक का रिजल्ट नहीं निकला। मंधाना महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की अगुवाई करती हैं। उन्होंने दो बार आरसीबी को डब्ल्यूपीएल चैंपियन बनाया है।
हरमनप्रीत को लेकर मंधाना ने क्या कहा?
मंधाना ने कप्तानी मिलने के बाद हरमनप्रीत के नेतृत्व कार्यकाल को शानदार बताया और उम्मीद जताई कि वे कुछ और समय तक साथ मिलकर इस सफर को जारी रखेंगी। मंधाना ने बुधवार को अपने इंस्टाग्राम पेज पर लिखा, ''इतने सालों तक आपके साथ खेलना बहुत अच्छा रहा।'' उन्होंने कहा, ''आपके नेतृत्व के 10 साल शानदार रहे हैं और साथ मिलकर, हम अपने देश के लिए कई और उपलब्धियां हासिल करने का प्रयास करेंगे।'' हरमनप्रीत भारतीय टीम का हिस्सा बनी रहेंगी और उन्हें जिम्बाब्वे सीरीज के लिए दोनों टीम में शामिल किया गया है। हरमनप्रीत ने मंगलवार को तीनों प्रारूपों की कप्तानी से इस्तीफा देते हुए कहा था कि बतौर कप्तान उन्होंने अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह निभाई है और अब वह एक बार फिर सिर्फ खेल के प्यार और जुनून के लिए खेलने को तैयार हैं। हरमनप्रीत का यह फैसला गुवाहाटी में हुई बीसीसीआई की रीव्यू मीटिंग के बाद आया, जिसमें पिछले कुछ महीनों में टीम के प्रदर्शन और उसकी आगे की दिशा का आकलन किया गया।


