स्मृति मंधाना ने बीमारी में खेली WPL फाइनल के इतिहास की सबसे बेहतरीन पारी, कोच ने किया खुलासा
आरसीबी के कोच ने कहा कि मुझे लगता है कि स्मृति ने अपनी सबसे अच्छी पारियों में से एक फाइनल के लिए बचाकर रखी थी। मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि हां, वह पिछले 12 महीनों से बहुत अच्छी फॉर्म में रही हैं, लेकिन जिस तरह से उन्होंने आज बैटिंग की, वह अमानवीय था।

स्मृति मंधाना ने आरसीबी को WPL 2026 का खिताब जीताने में अहम भूमिका निभाई। 204 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए मंधाना ने 41 गेंदों पर 87 रनों की धुआंधार पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 200 से भी अधिक का रहा। मंधाना ने अपनी इस पारी में 12 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के लगाए। यह WPL फाइनल के इतिहास की सबसे बेहतरीन पारियों में से एक है। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि मंधाना ने यह शानदार पारी बीमारी में खेली है। जी हां, मैच के बाद आरसीबी के कोच ने इसका खुलासा किया है। बता दें, मंधाना को इस मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया है।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में, RCB के कोच मलोलन रंगराजन ने कहा कि स्मृति मंधाना ने WPL फाइनल में अपनी सबसे बेहतरीन पारियों में से एक खेली, और चेज के दौरान उनके शांत स्वभाव और पूरे कंट्रोल की तारीफ़ की। रंगराजन ने बताया कि स्मृति मंधाना फ्लू और तेज़ बुखार से पीड़ित होने के बावजूद फाइनल खेलीं, जिससे उनकी कमिटमेंट का पता चलता है क्योंकि उन्होंने अपनी बीमारी का असर टीम या अपने परफॉर्मेंस पर नहीं पड़ने दिया।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि स्मृति ने अपनी सबसे अच्छी पारियों में से एक फाइनल के लिए बचाकर रखी थी। मैं ऐसा इसलिए कह रहा हूं, क्योंकि हां, वह पिछले 12 महीनों से बहुत अच्छी फॉर्म में रही हैं, लेकिन जिस तरह से उन्होंने आज बैटिंग की, वह अमानवीय था। मेरा मतलब है, मुझे इसके लिए शब्द भी नहीं पता, बहुत क्लासी, बहुत एलिगेंट। जब आप उन्हें देख रहे थे, तो आप देख सकते थे कि वह जो करना चाहती थीं, उस पर उनका पूरा कंट्रोल था। जिस तरह से उन्होंने बैटिंग की, ऐसा नहीं लग रहा था कि यह 200 रन का चेज है। वह बॉल को टाइम कर रही थीं, और जब वह चाहती थीं, तो हिट कर रही थीं, उन जगहों पर अटैक कर रही थीं जहां वह अटैक करना चाहती थीं।
स्मृति ने यह गेम बहुत ज़्यादा फ्लू के साथ खेला। वह तेज बुखार के कारण बहुत ज्यादा बीमार थीं, लेकिन फिर भी, आकर उन्होंने इसे जरा भी नहीं दिखाया। टीम में किसी को भी एक सेकंड के लिए भी ऐसा नहीं लगा। तो, वह ऐसी ही इंसान हैं। जब मैंने आज दोपहर उनसे बात की, तो उन्होंने कहा, 'कोई बात नहीं, मैं वहां रहूंगी।' तो, यह है उनका अपने काम के प्रति समर्पण।
कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने महिला प्रीमियर लीग चार के बड़े स्कोर वाले रोमांचक फाइनल में बृहस्पतिवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराकर दूसरी बार खिताब जीत लिया। अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियनस दोनों के नाम पर दो-दो डब्ल्यूपीएल खिताब हो गए हैं। दिल्ली की टीम को लगातार चौथी बार फाइनल में खेलते हुए शिकस्त का सामना करना पड़ा।
दिल्ली के 204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने स्मृति (87 रन, 41 गेंद, 12 चौके, तीन छक्के) और जॉर्जिया (79 रन, 54 गेंद, 14 चौके) के बीच दूसरे विकेट की 165 रन की साझेदारी से 19.4 ओवर में चार विकेट पर 204 रन बनाकर जीत दर्ज की। चिनेल हेनरी (34 रन पर दो विकेट) और नंदिनी (41 रन पर एक विकेट) ने अंतिम ओवरों में दिल्ली कैपिटल्स को वापसी दिलाने की कोशिश की लेकिन टीम को हार से नहीं बचा पाईं।
दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स (57), लॉरा वोल्वार्ट (44), सलामी बल्लेबाज लिजेल ली (37) और सलामी बल्लेबाज हेनरी (नाबाद 35) की पारियों से चार विकेट पर 203 रन बनाए।

लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें




