स्मृति मंधाना ने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ रचा इतिहास, भारत के लिए किया बड़ा कारनामा!
स्मृति मंधाना का बल्ला भले ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 में नहीं चला हो, मगर उन्होंने 13 रनों की पारी खेल इतिहास रच दिया है। वह रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ अब टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं है।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 में भारत को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में टीम इंडिया की उप-कप्तान स्मृति मंधाना का बल्ला भी नहीं चला। वह मात्र 13 के निजी स्कोर पर आउट हो गईं। मगर इन 13 रनों के दम पर ही वह इतिहास रचने में कामयाब रही। स्मृति मंधाना रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ भारत के लिए अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई है। भारत ने डर्बन में खेले गए इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए 157 रन बनाए थे, मेजबान साउथ अफ्रीका ने आखिरी ओवर में इसे चेज कर 5 मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई।
स्मृति मंधाना ने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ रचा इतिहास
रोहित शर्मा, जिन्होंने 2025 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के बाद इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था, उन्होंने अपने करियर में 159 मैचों में 4231 रन बनाए थे, जिसमें 5 शतक और 32 अर्धशतक शामिल थे।
अब मंधाना ने उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारतीय उप-कप्तान के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो, 161 T20I मैचों में स्मृति मंधाना ने 30.53 के औसत और 124.45 के स्ट्राइक रेट से 4,244 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 33 अर्धशतक शामिल हैं।
कैसा रहा IND W vs SA W पहला टी20?
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 157 रन ही बोर्ड पर लगा पाई। मंधाना के जल्दी आउट होने के बावजूद शैफाली वर्मा नहीं रुकी। उन्होंने 20 गेंदों पर 34 रन बनाए, वहीं जेमिमा रोड्रिग्स ने 36 रनों की पारी खेल उनका साथ दिया। नंबर-4 पर उतरीं भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 47 रनों की पारी खेली, वह अंत तक नाबाद रहीं। निचले क्रम के बल्लेबाजों से साथ ना मिलने की वजह से हरमन भारत को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचा पाईं।
158 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका के लिए ओपनिंग बैटर व कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 39 गेंदों पर 51 रन बनाए। लौरा वोल्वार्ड्ट का साथ एनेरी डर्कसेन ने 44 रनों की पारी खेलकर दिया। एनेरी डर्कसेन अंत तक नाबाद रही और आखिरी ओवर में टीम की जीत सुनिश्चित की।
भारत गेंदबाजी में भी साउथ अफ्रीका पर कोई दबाव नहीं बना पाया। श्रेयंका पाटिल ने जरूर 2 विकेट लिए, मगर उनके अलावा भारतीय गेंदबाजी फीकी नजर आई।
दूसरा टी20 इसी मैदान पर 19 अप्रैल को खेला जाना है।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


