विराट कोहली जैसा रिकॉर्ड, स्मृति मंधाना ने भी पाकिस्तान के खिलाफ बनाया; मिताली राज छूट गईं पीछे
Smriti Mandhana vs Pakistan: भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना का पाकिस्तान के खिलाफ बल्ला चला। उन्होंने भारत की ओर से विराट कोहली जैसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

भारत की अनुभवी ओपनर स्मृति मंधाना ने रविवार को महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर 44 गेंदों में 68 रन जुटाए। उनके बल्ले से 9 चौके और दो छक्के निकले। मंधाना ने विराट कोहली जैसा रिकॉर्ड बनाया है। वह महिला टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ी पारी खेलने वाले क्रिकेटर बन गई हैं। वहीं, पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के विरुद्ध सबसे बड़ी पारी का भारतीय रिकॉर्ड कोहली के नाम दर्ज है। उन्होंने 2022 में आयोजित टूर्नामेंट में 53 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए थे, जिसमें छह चौके और चार सिक्स हैं। भारत ने तब मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए अंतिम गेंद पर रोमांचक जीत हासिल की थी। कोहली और मंधाना 18 नंबर की जर्सी पहनते हैं।
मंधाना ने मिताली राज को छोड़ा पीछा
मंधाना ने सबसे छोटे फॉर्मेट के वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में मिताली राज को पीछा छोड़ा। पूर्व भारतीय कप्तान मिताली ने 2018 में 47 गेंदों में 56 रन जोड़े थे। मंधाना महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत बनाम पाकिस्तान मैचों में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड महज एक रन से तोड़ने से चूक गईं। अभी यह रिकॉर्ड पाकिस्तान की पूर्व क्रिकेटर बिस्माह मारूफ के खाते में हैं। उन्होंने 2023 में भारत के विरुद्ध 55 गेंदों में नाबाद 68 रन बटोरे थे। बता दें कि मंधाना ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 34वां जबकि महिला टी20 वर्ल्ड कप में पांचवां अर्धशतक जमाया। वह इस टूर्नामेंच में पांच बार पचास प्लस स्कोर बनाने वाले तीसरी भारतीय महिला क्रिकेटर हैं। उनसे पहले यह कमाल मिताली और मौजूदा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने किया।
महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत बनाम पाकिस्तान मैचों में सबसे बड़ी पारी
68* (55) - बिस्माह मारूफ, केप टाउन, 2023
68 (44) - स्मृति मंधाना, एजबेस्टन, 2026
56 (47) - मिताली राज, प्रोविडेंस, 2018
54* (54) - पूनम राउत, बैसेटेरे, 2010
स्मृति मंधाना को मिले दो जीवनदान
स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर (36) और ऋचा घोष (34) की पारियों की बदौलत भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ 170/6 का स्कोर खड़ा किया। स्मृति को दो जीवनदान मिले। वह एक बार 27 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहीं जब रुबाब की गेंद पर मिड ऑफ पर आलिया रियाज कैच लपकने में नाकाम रहीं। 13वें ओवर में स्मृति को दूसरा जीवनदान मिला जब उन्होंने सादिया की गेंद पर डीप मिडविकेट की ओर बड़ा शॉट खेला लेकिन सायरा जबीन कैच टपका दिया और गेंद छक्के के लिए चली गई। भारत ने 64 रनों से पाकिस्तान को धूल चटाई। पाकिस्तान टीम 17 ओवर में 106 रनों पर सिमटी। दीप्ति शर्मा ने पंजा खोला जबकि श्री चरणी ने तीन विकेट हासिल किए।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



