शुभमन गिल ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, वनडे क्रिकेट में जड़ा सबसे तेज दोहरा शतक
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में दोहरा शतक जड़कर भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। वे ODI में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। ईशान किशन के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया है।

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज और कप्तान शुभमन गिल ने इतिहास रचते हुए वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में मात्र 117 गेंदों में दोहरा शतक जड़कर उन्होंने इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में अपना नाम दर्ज करा दिया है। शुभमन गिल ने वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उनसे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के पास था।
गुवाहटी में खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में 406 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आए कप्तान शुभमन गिल अलग ही मूड में नजर आए। उन्होंने सिर्फ 63 गेंदों का सामना करते हुए पहले तो शतक जड़ा और उसके बाद इस शतक को ऐतिहासिक दोहरे शतक में बदल दिया। शतक जड़ते समय उनका स्ट्राइक रेट 160 से अधिक का था जो आगे और तेज हुआ। पूरी दुनिया में वनडे क्रिकेट में अब सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने का रिकॉर्ड शुभमन गिल के नाम हो गया है। दूसरे नंबर पर ईशान किशन, तीसरे स्थान पर ग्लेन मैक्सवेल, चौथे स्थान पर पथुम निसंका और पांचवें स्थान पर क्रिस गेल का नाम है।
गेंदों के आधार पर सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने वाले बैटर (ODI)
117 शुभमन गिल बनाम वेस्टइंडीज़, गुवाहाटी 2026
126 ईशान किशन बनाम बांग्लादेश, चट्टोग्राम 2022
128 ग्लेन मैक्सवेल बनाम अफ़गानिस्तान, वानखेड़े 2023
136 पथुम निसंका बनाम अफ़गानिस्तान, पल्लेकेले 2024
138 क्रिस गेल बनाम ज़िम्बाब्वे, कैनबरा 2015
ऐसा रहा पूरे मैच का हाल, गिल- रोहित ने दिखाया धमाल
बुधवार को खेले गए मुकाबले की बात करें तो भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम ने बोर्ड पर 405 रन लगा दिए। 406 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा के शतक और कप्तान गिल के तूफानी दोहरे शतक की वजह से टीम इंडिया ने 43.3 ओवर में ही दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। विराट कोहली मुकाबले में 19 गेंदों में 29 रन ही बना सके। ऋतुराज गायकवाड़ शुभमन गिल के साथ नाबाद रहे। उन्होंने 37 गेंदों में 31 रन बनाए। शुभमन गिल ने 133 गेंदों में कुल 223 रन बनाए, जिसमें 26 चौके और 8 छक्के शामिल थे। उन्होंने इस पूरे मैच में 167.67 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। गिल की खास बात यह रही कि उन्होंने मैच फिनिश करने की कोहली की खास काबिलियत का अनुसरण किया। बता दें कि यह शुभमन गिल का दूसरा दोहरा शतक है। इससे पहले उन्होंने साल 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ दोहरा शतक जड़ा था।



