घर पर हुई बेइज्जती ने उड़ाई BCCI की नींद, शुभमन गिल और सिलेक्टर्स के साथ हुई सीक्रेट मीटिंग
13 महीनों में दो बार घर पर क्लीन स्वीप होने के बाद भारतीय टीम के साथ-साथ बीसीसीआई और चयनकर्ताओं की भी नींद उड़ी हुई है। इस वजह से टेस्ट क्रिकेट को बचाने के लिए सीक्रेट मीटिंग हुई है।

साउथ अफ्रीका के खिलाफ घर पर 0-2 से मिली हार के बाद भारतीय टेस्ट क्रिकेट का स्तर सबसे निचले लेवल पर पहुंच गया है…ऐसे हम नहीं बल्कि क्रिकेट पंडितों का कहना है। पिछले 13 महीनों में यह दूसरा मौका था, जब टीम इंडिया को घर पर क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। इससे पहले 2024 के अंत में न्यूजीलैंड ने रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया को 3-0 से धूल चटाई थी। भारतीय टेस्ट क्रिकेट को बचाने के लिए हाल ही में बीसीसीआई ने शुभमन गिल समेत टीम इंडिया के लीडरशिप ग्रुप और चयनकर्ताओं के साथ सीक्रेट मीटिंग की है, जिसमें सभी से अपनी-अपनी राय मांगी गई है।
इस मीटिंग में शुभमन गिल ने कुछ ऐसा सुझाव दिया जो हर किसी को पंसद आने वाला है। दरअसल, भारतीय टीम का शेड्यूल काफी बिजी रहता है। पिछले साल 28 नवंबर को एशिया कप जीतने के बाद भारत ने 4 दिन बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ घर पर 2 अक्टूबर से 2 मैच की टेस्ट सीरीज खेली। वेस्टइंडीज सीरीज 14 अक्टूबर को खत्म ही हुई थी कि भारतीय टीम 19 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में मैच खेल रही थी।
8 नवंबर को खत्म हुए ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद भारतीय टीम ने 14 नवंबर से साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलना शुरू कर दिया। टीम इंडिया के पास तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं होता है, ऐसे में शुभमन गिल ने बीसीसीआई के सामने हर टेस्ट सीरीज से पहले 15 दिन का रेड-बॉल क्रिकेट का कैंप लगाने का आइडिया रखा है।
13 महीनों में घर पर दो टेस्ट सीरीज में बुरी तरह हारने के बाद BCCI ने सिलेक्टर्स और टीम के लीडरशिप ग्रुप के साथ अनौपचारिक मीटिंग्स कीं। BCCI के एक सूत्र ने TOI को बताया, "गिल बहुत साफ थे कि टेस्ट सीरीज में जाने से पहले टीम को बेहतर तैयारी की जरूरत है। इस सीजन में शेड्यूल को लेकर एक दिक्कत थी, जहां टीम को तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं मिला। गिल ने बोर्ड को सलाह दी कि अगर टेस्ट सीरीज से पहले 15 दिन के रेड-बॉल कैंप हों तो यह सबसे अच्छा होगा।"
सूत्र ने बताया “गिल अब लीडरशिप वाले गुण दिखा रहे हैं। वह सेलेक्टर्स और BCCI को अपना विजन ज्यादा साफ तौर पर बता रहे हैं। यह भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छी बात है क्योंकि रोहित शर्मा के बाद एक मजबूत कप्तान की ज़रूरत है। टेस्ट और वनडे टीमें गिल की हैं। उनके लिए अपनी बात ज्यादा जोर से कहना जरूरी है।”

लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें




