शुभमन गिल को आज भी है वर्ल्ड कप 2023 फाइनल नहीं जीत पाने की कसक, बोले- यह अधूरा काम है, जिसे…
शुभमन गिल के अंदर आज भी वर्ल्ड कप 2023 फाइनल नहीं जीत पाने की कसक है। उनका कहना है कि यह अधूरा काम है, जिसे हमें पूरा करना है। वर्ल्ड कप खेलने के ज्यादा मौके एक खिलाड़ी के तौर पर नहीं मिलते हैं।

भारत की वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान और दुनिया के नंबर 1 ODI बल्लेबाज शुभमन गिल की नजरें अब से एक साल बाद होने वाले ICC मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 पर टिकी हैं। वे इस मेगा इवेंट में टीम के कप्तान होंगे। पिछली बार के विश्व कप में वे एक खिलाड़ी के तौर पर खेले थे। 2023 के फाइनल में टीम इंडिया हार मिली थी। ऐसे में गिल ने अगले विश्व कप से पहले कहा है कि यह एक अधूरा काम है। उनका मानना है कि एक प्लेयर के तौर पर विश्व कप खेलने का अवसर बहुत कम मिलता है। ऐसे वह एक कदम आगे जाना पसंद करेंगे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे ODI से पहले जियोस्टार से बात करते हुए शुभमन गिल ने कप्तानी को लेकर बात की और कहा, "मैं इसे ज्यादा एक जिम्मेदारी की तरह देखता हूं। बड़े होते हुए भी, मेरा यह सपना नहीं था कि मैं एक दिन भारत का कप्तान बनूं। मेरा सपना हमेशा देश के लिए खेलना और अपने देश के लिए मैच जीतना था, और बड़े होते हुए हमेशा यही मेरा मकसद रहा। इसलिए, जब मुझे कप्तानी करने का यह मौका मिला, तो जाहिर है, यह एक बड़ा सम्मान और एक बड़ी ज़िम्मेदारी थी और मैं इसे ऐसे देखता हूं कि मुझे टीम की जिम्मेदारी दी गई है और इससे मेरे लिए चीजें बहुत आसान हो जाती हैं। मुझे इस चीज को लेकर ज्यादा दबाव महसूस नहीं होता, क्योंकि मुझे लगता है कि अगर मैं सही इरादे से काम करता हूं, तो सब कुछ ठीक हो जाएगा।"
पिछले कैंपेन के दिल तोड़ने वाले अंत के बाद ICC मेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप में अधूरे काम को लेकर गिल ने कहा, "हां, बिल्कुल, यह अधूरा काम है, क्योंकि हमने उस वर्ल्ड कप में जिस तरह से खेला। हम टूर्नामेंट में सबसे अच्छी टीम की तरह दिख रहे थे, लेकिन वर्ल्ड कप ऐसे ही होते हैं। आप पूरा टूर्नामेंट अच्छा खेल सकते हैं, लेकिन आप एक गेम अच्छा नहीं खेलते हैं और वह गेम वर्ल्ड कप का फाइनल हो सकता है, तो निश्चित रूप से, यह अधूरा काम है और एक खिलाड़ी के तौर पर, आपको वर्ल्ड कप में अपने देश को रिप्रेजेंट करने के ज्यादा मौके नहीं मिलते हैं। दो, तीन, चार, पांच हो सकते हैं, आपको कभी पता नहीं चलता। इसलिए, हर वर्ल्ड कप जो आप अपने देश के लिए खेलते हैं, वह एक बड़ा सम्मान होता है। इसलिए, एक और वर्ल्ड कप खेलने के लिए बहुत आभारी हूं।"
टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा के अनुभव के बारे में गिल ने कहा, "मैं बहुत लकी महसूस करता हूं। विराट भाई शायद सबसे अच्छे ODI बैट्समैन हैं और रोहित भाई दुनिया के सबसे अच्छे ODI ओपनर हैं और फिर टीम में इन दो खिलाड़ियों का होना और उनका अनुभव और वे पल जो उन्होंने एक साथ शेयर किए हैं, यह बहुत अच्छा है, और हम उन्हें टीम में पाकर सच में बहुत एन्जॉय करते हैं और उनका अनुभव हमारे लिए बहुत कीमती है।"
फील्ड पर गिल किस-किस खिलाड़़ी से सलाह लेते हैं? इसके बारे में उन्होंने विराट और रोहित के साथ अन्य खिलाड़ियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "अक्सर, सिर्फ उन दोनों से ही नहीं; मैं केएल या श्रेयस से भी सलाह लेता हूं। मुझे सबकी राय लेना पसंद है, लेकिन फिर दिन के आखिर में, अगर मुझे लगता है, 'ठीक है, यह कुछ ऐसा है जो मेरे दिमाग में नहीं आया, जिस पर मैंने सोचा नहीं,' तो मैं उनकी राय लेता हूं, लेकिन ज्यादातर समय, ऐसा होता है कि अगर वे कुछ सजेस्ट करने आते हैं, तो हो सकता है मैंने उसके बारे में सोचा हो। अगर मैंने उसके बारे में नहीं सोचा है, तो मैं उनके विचारों, उनकी राय के बारे में सोचता हूं, तो, आप सबकी सुनते हैं, देखते हैं कि वे क्या सोच रहे हैं, और फिर मेरे हिसाब से, उस सिचुएशन में सबसे अच्छा क्या काम करेगा; मुझे लगता है कि इसी से सीख मिलती है।"



