शुभमन गिल की टीम पर सेमीफाइनल से बाहर होने का खतरा, दूसरी टीमों के भरोसे है फाजिल्का फाल्कन्स
शुभमन गिल शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के पहले सीजन में फाजिल्का फाल्कन्स टीम की कप्तानी कर रहे हैं, जहां उनकी टीम चार मैचों में जीत दर्ज कर पाई है। 8 मैच खेल चुकी हैं। अब सेमीफाइनल से बाहर हो सकती है।

Sher E Punjab T20 League का पहला सीजन अपने अंतिम पड़ाव पर है, क्योंकि लीग फेज का आखिरी मैच बाकी है। इसके बाद दो सेमीफाइनल और एक फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। आखिरी मैच से पहले दो ही टीमों ने आधिकारिक तौर पर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया है, जबकि दो टीमों की किस्मत एक मैच के भरोसे है। यहां तक कि भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम फाजिल्का फाल्कन्स की नैया भी दूसरी टीमों के हाथ में है। ऐसे में उन पर सेमीफाइनल से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।
दरअसल, शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में फाजिल्का की टीम की कप्तानी आधिकारिक तौर पर शुभमन गिल के पास थी, लेकिन ज्यादातर मैचों में सनवीर सिंह कप्तान रहे हैं। हालांकि, फिर भी उनके नाम से ही यह टीम फेमस रही और अब सेमीफाइनल की रेस से बाहर भी हो सकती है। टीम ने 8 में से 4 ही मुकाबले जीते हैं। नेट रन रेट भी उतना अच्छा इस टीम का नहीं है। ऐसे में अगर कुछ भी इधर-उधर हुआ तो फिर उनकी टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाएगी, लेकिन कुछ सिनेरियो हैं, जो टीम के पक्ष में जाएं तो टॉप 4 का टिकट मिल सकता है।
दो टीमें कर चुकी हैं सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई
आपको बता दें, इस स्टेट लेवल की टी20 लीग के पहले सीजन के सेमीफाइनल्स के लिए मोहाली किंग्स ने क्वालीफाई कर लिया है, जबकि जालंधर वॉरियर्स ने भी टॉप 4 का टिकट कटा लिया है। अब तीन बठिंडा रॉयल्स की टीम एलिमिनेट हो चुकी है, जबकि तीन टीमें दो पायदानों के लिए रेस में हैं। इनमें भी अमृतसर सूरमाज टीम के सेमीफाइनल में जाने के चांस ज्यादा लग रहे हैं। वहीं, फाजिल्का फाल्कन्स टीम खुद के दम पर आगे नहीं जाएगी। उसे अमृतसर या फिर लुधियाना लॉयंस के भरोसे रहना होगा।
अगर अमृतसर सूरमाज ने अपने आखिरी मैच में एक भी रन या एक भी विकेट से जीत दर्ज कर ली तो फिर फाजिल्का की टीम का सेमीफाइनल खेलना तय हो जाएगा। अगर अमृतसर को लुधियाना की टीम ने करीबी मैच में हरा दिया तो फिर फाजिल्का के सेमीफाइनल के रास्ते बंद हो जाएंगे। हालांकि, अगर लुधियाना की टीम ने बड़ी जीत दर्ज अमृतसर के खिलाफ कर ली तो फिर लुधियाना के साथ-साथ फाजिल्का को भी सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका मिल जाएगा, क्योंकि अभी नेट रन रेट अमृतसर सूरमाज का ज्यादा है। ऐसे में आखिरी मैच के बहुत ज्यादा दिलचस्प होने की उम्मीद है।



