
शुभमन गिल के नाम दर्ज हुआ ये शर्मनाक रिकॉर्ड, कैप्टेंसी डेब्यू में हर जगह झेली है हार
संक्षेप: शुभमन गिल के नाम बतौर कप्तान एक और शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। वे भारत के दूसरे ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने हर फॉर्मेट में कप्तानी की है, लेकिन हर फॉर्मेट में पहला-पहला इंटरनेशनल मैच गंवाया है।
शुभमन गिल के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। शुभमन गिल भारत के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं, जो तीनों फॉर्मेट में कप्तानी करते हुए पहला मैच हारे हैं। हैरान करने वाली बात ये है कि विराट कोहली और शुभमन गिल दोनों ने कप्तानी करते हुए आईपीएल का पहला मैच भी गंवाया था। इस तरह ये शर्मनाक रिकॉर्ड पहले से ही विराट कोहली के नाम दर्ज है, लेकिन शुभमन गिल भारतीय दिग्गज विराट कोहली से भी आगे हैं, क्योंकि उन्होंने डोमेस्टिक क्रिकेट में भी पहले मैच में कप्तानी करते हुए हार झेली थी।

दरअसल, शुभमन गिल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पहली बार कप्तानी की थी। 6 जुलाई 2024 को खेले गए मैच में भारत को उनकी कप्तानी में हार मिली थी। टेस्ट क्रिकेट में शुभमन गिल की कप्तानी में भारत ने इसी साल 20 जून से खेले गए टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ मात झेली थी। अब 19 अक्टूबर को वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में कैप्टेंसी डेब्यू में शुभमन गिल को हार मिली है। आईपीएल में कप्तानी डेब्यू में भी उनको हार मिली थी और पंजाब की टीम को पहले मैच में लीड करते हुए भी उनको हार का ही सामना करना पड़ा था।
विराट कोहली के नाम भी इंटरनेशनल क्रिकेट और आईपीएल में ये शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज है, लेकिन उन्होंने कभी अपनी स्टेट टीम की कप्तानी नहीं की। ऐसे में शुभमन गिल एकमात्र भारतीय कप्तान हैं, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट, आईपीएल और प्रोफेशनल डोमेस्टिक क्रिकेट में कप्तानी करते हुए पहले मैच में हार झेली है। शुभमन गिल और विराट कोहली उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल जरूर हैं, जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में कप्तानी की है, लेकिन दोनों ऐसे कप्तान भी बन गए हैं, जो पहला-पहला मैच हारे हैं। आधिकारिक तौर पर गिल टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान हैं और टी20 टीम में वाइस कैप्टन हैं।






