
सूर्यकुमार यादव की वजह से शुभमन गिल को किया गया ड्रॉप, पूर्व क्रिकेटर ने क्यों किया ऐसा दावा?
सूर्यकुमार यादव की वजह से शुभमन गिल को T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत की टीम से ड्रॉप किया गया। ये कहना है पूर्व क्रिकेटर रोबिन उथप्पा का, जिन्होंने विश्लेषण करते हुए इसकी वजह भी बताई है।
T20 World Cup 2026 के लिए भारत की टीम का ऐलान 19 दिसंबर की दोपहर को ही हो गया था, लेकिन अभी तक इसको लेकर चर्चा है। खासकर शुभमन गिल को ड्रॉप किए जाने के इर्द-गिर्द बहुत बातें हो रही हैं। इस बीच पूर्व क्रिकेटर रोबिन उथप्पा ने एक बड़ा दावा किया है और कहा है कि सूर्यकुमार यादव रन नहीं बना रहे थे। ऐसे में शुभमन गिल को टीम से ड्रॉप किया गया। दोनों आउट ऑफ फॉर्म थे, लेकिन उनमें से एक खिलाड़ी कप्तानी की वजह से टीम से बाहर होने से बच गया, जो कि सूर्या थे।
बल्लेबाजी के नजरिए से देखा जाए तो ओपनर शुभमन गिल से पहले कप्तान सूर्यकुमार यादव की टी20 टीम में जगह पर सवाल थे, लेकिन वह कप्तान हैं और टीम अच्छा कर रही है तो वे बचे रहे। 2025 में तो उनके बल्ले से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक अर्धशतक तक नहीं निकला। 25 रनों का मार्क भी वे दो बार ही पार कर पाए। सूर्या और गिल को लेकर टी20 वर्ल्ड कप 2007 विनर प्लेयर ने कहा कि आप टीम में एक ही ऐसे खिलाड़ी को रख सकते हैं, जो आउट ऑफ फॉर्म हो। दो खिलाड़ियों को आप नहीं साथ में रख सकते।
रोबिन उथप्पा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "वर्ल्ड कप टीमों में, आप एक ऐसे खिलाड़ी को ले जा सकते हैं जो अच्छे फॉर्म में नहीं है; आप उससे ज्यादा नहीं ले जा सकते। यह एक समस्या है। मुझे लगता है कि उसे इसलिए ड्रॉप किया गया, क्योंकि SKY रन नहीं बना रहा है। शायद यही वजह है।" उन्होंने आगे सूर्या का समर्थन करते हुए कहा, "मैं आपको बता सकता हूं, SKY आउट ऑफ फॉर्म नहीं है, लेकिन वह रन नहीं बना पा रहा है। अगर आपने एक खास लेवल पर क्रिकेट नहीं खेला है तो यह समझना बहुत मुश्किल है। जैसे शुभमन गिल आउट ऑफ फॉर्म हैं।" शुभमन गिल की जगह सिलेक्टर्स ईशान किशन को लेकर आए हैं, जो बैकअप ओपनर और बैकअप विकेटकीपर का विकल्प हैं। इसके अलावा मिडिल ऑर्डर में फिनिशर रिंकू सिंह की वापसी हुई है, क्योंकि जितेश शर्मा भी टीम में नहीं हैं।






