शुभमन गिल ने भारत के 600वें टेस्ट में कप्तानी करने पर क्या कहा? श्रीलंका में WTC के लिए बन गया है प्लान
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने शुक्रवार को बताया कि उनकी टीम का लक्ष्य टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह की दौड़ में बने रहना है। गिल भारत के 600वें टेस्ट में बतौर कप्तान उतरेंगे।

कप्तान शुभमन गिल भारतीय टीम के 600वें टेस्ट मैच को यागदार बनाना चाहते हैं और श्रीलंका के खिलाफ जीत हासिल करके विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में जगह बनाने के लिए फिर से एक नई शुरुआत करना चाहते हैं। टेस्ट कप्तान के रूप में एक साल पूरा कर चुके गिल का मानना है कि वह हर मैच के साथ इस भूमिका में बेहतर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के उस अभियान को फिर पटरी पर लाने के बारे में होगी, जिसे पिछली कुछ सीरीज में झटके लगे हैं। भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज शनिवार से शुरू होने वाली है। भारत गॉल में अपना 600वां टेस्ट मैच खेलने उतरेगा।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिए बनाया प्लान
भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''अब मैं कप्तान की भूमिका में सहज हूं। हमारा लक्ष्य विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह की दौड़ में बने रहना है। इसके लिए हमें छह या सात टेस्ट जीतने होंगे। इसलिए हम यहां से शुरुआत करना चाहते हैं।''
600वां मैच खेलेगा भारत
शनिवार से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाला पहला टेस्ट भारत का पारंपरिक प्रारूप में 600वां मैच होगा। भारत ने 1932 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। गिल ने कहा, ''600वें टेस्ट में अपने देश की अगुआई करना सम्मान की बात है और स्वतंत्रता दिवस पर ऐसा करना इससे भी बड़ा सम्मान है।"
गाले को लंबे समय से स्पिनरों के लिए सबसे अच्छी जगहों में से एक माना जाता रहा है और धीमी गेंदबाजी के खिलाफ भारत के हालिया संघर्ष को देखते हुए यह चुनौती और भी अहम हो जाती है। मेहमान टीम ने अपनी तैयारी के दौरान बल्लेबाजों को टर्न लेने वाली पिचों पर अभ्यास कराया। कोलंबो में हुआ अभ्यास मैच स्पिन के खिलाफ एक अहम तैयारी साबित हुआ। गेंदबाजी कोच मोर्न मोर्केल ने तीन बाएं हाथ के स्पिनरों 'कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और मानव सुथार' को खिलाने की संभावना का संकेत दिया है, जिनमें से हर एक का गेंदबाजी का तरीका अलग है।
गौतम गंभीर पर रहेंगी नजरें
गंभीर के कार्यकाल में भारत सफेद गेंद (सीमित ओवरों का क्रिकेट) के क्रिकेट में लगभग अजेय टीम रहा है जिसका अंदाजा चैंपियंस ट्रॉफी, एशिया कप और टी20 विश्व कप में उसके खिताबी अभियान से लगाया जा सकता है। लेकिन टेस्ट क्रिकेट की तस्वीर काफी निराशाजनक है। न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर क्लीन स्वीप ने भारत की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है।



