शुभमन गिल और शेफाली वर्मा बने ICC प्लेयर ऑफ द मंथ, इतिहास रचने की दहलीज पर भारतीय कप्तान

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

ICC Player of the Month Award: आईसीसी ने शुभमन गिल और शेफाली वर्मा को सितंबर महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना है। दोनों भारतीयों का पिछले महीने जमकर बल्ला चला।

Shubman Gill and Shafali Verma ICC Player of the Month award
शुभमन गिल और शेफाली वर्मा (फाइल फोटो)

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने मंगलवार को सितंबर महीने के बेस्ट प्लेयर्स का ऐलान कर दिया। आईसीसी ने दो भारतीयों को मेहनत का इनाम दिया है। भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्रिकेटर चुना गया। महिला वर्ग में स्टार ओपनर शेफाली वर्मा ने बाजी मारी। उन्होंने श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू और भारत की स्पिनर श्री चरणी को रेस में पीछे छोड़ा । 27 वर्षीय गिल ने भारत के अभिषेक शर्मा और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा पछाड़कर सितंबर का आईसीसी पुरुष प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीता। गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत के पहले दो ODI मैचों में 334 रन बनाए। उन्होंने पहले मैच में शतक और दूसरे मैच में नाबाद दोहरा शतक लगाया। गिल ने 117 गेंदों में दोहरा शतक कंप्लीट किया था। यह वनडे इतिहास की सबसे तेज डबल सेंचुरी है। भारत ने सीरीज 2-1 से अपने नाम की।

इतिहास रचने की दहलीज पर भारतीय कप्तान

27 वर्षीय गिल ने पांचवीं बार आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीता है। वह इतिहास रचने की दहलीज पर हैं। गिल को सबसे ज्यादा बार प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिए महज एक और पुरस्कार की जरूरत है। उन्होंने वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हाले मैथ्यूज की बराबरी कर ली है, जो पांच बार यह अवॉर्ड जीत चुकी हैं। गिल ने सितंबर 2026 से पहले जुलाई 2025, फरवरी 2025, सितंबर 2023 और जनवरी 2023 में प्लेयर ऑफ द मंथ बने।

भारत की ओर से पिछले पुरुष अवॉर्ड विनर संजू सैमसन थे। सैमसन मार्च 2026 में प्लेयर ऑफ द मंथ चुने गए थे। अब तक भारत के 11 पुरुष प्लेयर्स ने 17 बार यह अवॉर्ड जीता है। अवॉर्ड जीतने के बाद गिल ने कहा, ''अपना पांचवां आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है, और मैं इस सम्मान के लिए पैनल का शुक्रगुजार हूं। इतने रन बनाकर अच्छा लगा और अपने घरेलू फैंस के सामने सफल रन चेज का हिस्सा बनना और भी खास था, जिनका सपोर्ट हमें हमेशा एक्स्ट्रा बूस्ट देता है।'' गिल के दोहरे शतक के दम पर भारत ने दूसरे वनडे में 406 रनों का ऐतिहासिक टारगेट चेज किया था।

शेफाली ने पिछले महीने 360 रन बनाए

वहीं, 22 वर्षीय शेफाली वर्मा ने दूसरी बार है जब शेफाली ने आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड हासिल किया है। उन्होंने पहली बार पिछले साल नवंबर में अवॉर्ड जीता था। तब शेफाली ने भारत को घरेलू मैदान पर आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप जिताने में मदद की थी। शेफाली ने अवॉर्ड जीतने के बाद कहा, ''आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड फिर से जीतना बहुत बड़ा सम्मान है। एशिया कप और एशियन गेम्स में हमारी जीत में अपनी भूमिका निभाना बहुत संतोषजनक था, और यह अवॉर्ड जीतना उन जीतों को और भी खास बनाता है।'' शेफाली ने पिछले महीने सात T20I मैचों में 360 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 72 और स्ट्राइक रेट 184.61 का था। दाएं हाथ से ऑफ स्पिन बॉलिंग करने वाली शेफाली ने 4.33 के इकॉनमी रेट से छह विकेट भी लिए।

एशिया कप और एशियन गेम्स में रहा जलवा

शेफाली ने यूएई में एशिया कप में पांच पारियों में 236 रन बनाए, जो टूर्नामेंट सर्वाधिक थे। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में 64 और श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 68 रन की पारी खेली थी, जिससे भारत ने रिकॉर्ड आठवां महिला एशिया कप जीता। शेफाली ने जापान में एशियन गेम्स 2026 में भी अपना फॉर्म जारी रखी, जहां तीन पारियों में 188 रन बटोरे। उन्होंने जापान के खिलाफ नाबाद 40 रन बनाने के अलावा बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में 49 गेंदों पर 100 रन जुटाए। यह उनका T20I में पहला शतक था। उन्होंने फाइनल में श्रीलंका के सामने 48 रनों का योगदान दिया था। शेफाली ने एशियन गेम्स में चार विकेट लिए।

Md.Akram

लेखक के बारे में

Md.Akram

मोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार

परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।


अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।


विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय

और पढ़ें
Cricket News , Cricket Schedule , Live Cricket Score से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। क्रिकेट की सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़शुभमन और शेफाली बने ICC प्लेयर ऑफ द मंथ, इतिहास रचने की दहलीज पर भारतीय कप्तान