
शुभमन गिल ने कबूल किया ट्रिपल चैलेंज, टीम इंडिया के कोच ने कहा- कम ही खिलाड़ी कर पाते हैं ये काम
संक्षेप: टीम इंडिया के कोच सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने दक्षिण अफ्रीका सीरीज से पहले कहा कि कप्तान शुभमन गिल ने ट्रिपल चैलेंज कबूल किया है। सीरीज शुक्रवार से कोलकाता में शुरू होने जा रही है।
इंटरनेशनल क्रिकेट में किसी भी खिलाड़ी के लिए तीनों फॉर्मेट में खेलना बहुत चुनौतीपूर्ण होता है। कम ही खिलाड़ी इस चुनौती पर खरे उतरते हैं। टीम इंडिया के सहायक कोच रेयान टेन डोएशे ने कहा कि शुभमन गिल ने यह ट्रिपल चैलेंज कबूल किया है। 26 वर्षीय गिल ने पिछले कुछ समय में सभी फॉर्मेट में लगातार भारतीय टीम के लिए मैच खेले हैं, जिससे उनके वर्कलोड को लेकर काफी चर्चा हुई। गिल भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान हैं। वह भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान हैं। भारत को शुक्रवार से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो मैचों की घरेलू टेस्ट सीरीज खेलनी है। भारत टेस्ट के अलावा दक्षिण अफ्रीका से वनडे और टी20 सीरीज भी भिड़ेगा।

टेन डोएशे ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "सभी फॉर्मेट में खेलना बेहद चुनौतीपूर्ण है। यही वजह है कि आप कम ही खिलाड़ियों को सभी फॉर्मेट में खेलते हुए देखते हैं। शुभमन ने इस चैलेंज को स्वीकार किया है और इसके लिए तैयार हैं। खिलाड़ी चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार होने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।" सहायक कोच ने आगामी टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजी संयोजन के बारे में बात की। उन्होंने संभावना जताई कि मेहमान टीम तीन स्पिनर और दो तेज गेंदबाजों के साथ उतर सकती है, जैसे न्यूजीलैंड ने 2024 में भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में किया। भारत का न्यूजीलैंड के खिलाफ 0-3 से सूपड़ा हुआ था।
टेन डोएशे ने कहा,''उनके पास चार (तीन विशेषज्ञ) स्पिनर हैं। संभावना है कि वे तीन स्पिनरों के साथ खेलेंगे और यह कुछ हद तक किसी उपमहाद्वीपीय टीम के खिलाफ खेलने जैसा ही है।'' पाकिस्तान में दक्षिण अफ्रीका की हाल की टेस्ट सीरीज में केशव महाराज, साइमन हार्मर, सेनुरन मुथुसैमी और प्रेनेलन सुब्रयन की स्पिन चौकड़ी ने 35 विकेट लेकर दो मैच की सीरीज 1-1 से बराबर कर दी थी।
सहायक कोच ने ने कहा, ''आमतौर पर आप सबसे पहले तेज गेंदबाजी की चिंता करते हैं और मुझे पूरा यकीन है कि वे दो तेज गेंदबाजों और चार नहीं तो तीन स्पिनरों के साथ उतरेंगे। लेकिन जब आप उपमहाद्वीप में खेल रहे हों तो यह भी एक चुनौती होती है।'' उन्होंने कहा, ''उम्मीद है कि हमने न्यूजीलैंड श्रृंखला से कुछ सीखा होगा। हमने स्पिन गेंदबाजों को खेलने के लिए कुछ योजनाएं बनाई हैं। इन दोनों मैचों में यह बहुत महत्वपूर्ण होने वाला है। विशेषकर लगभग चार हफ्ते पहले पाकिस्तान में उनके अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए।''






