श्रेयस अय्यर को लेकर रोहित शर्मा ने की बड़ी भविष्यवाणी, बोले- वह भारत के कप्तान के तौर पर...
रोहित शर्मा का मानना है कि हाल के वर्षों में आईपीएल में श्रेयस अय्यर की शानदार कप्तानी को देखते हुए लगता है कि मुंबई का यह बल्लेबाज भारतीय टीम में नयी भूमिका में सफल होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का मानना है कि हाल के वर्षों में इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल में श्रेयस अय्यर की कप्तानी शानदार रही है। रोहित ने आगे कहा है कि मुंबई का यह बल्लेबाज भारतीय टीम में नयी भूमिका में सफल होने के लिए पूरी तरह तैयार है। शनिवार 6 जून को श्रेयस को भारत की टी20 इंटरनेशनल टीम का नया कप्तान घोषित किया गया है, जबकि सूर्यकुमार यादव को टीम से ही बाहर कर दिया गया है। तीन बार की विश्व कप विजेता टीम ने इस साल के एशिया कप, 2028 के ओलंपिक और टी20 विश्व कप जैसे अहम टूर्नामेंट को ध्यान में रखते हुए कप्तानी में बदलाव किया।
हिटमैन रोहित शर्मा ने कहा कि आईपीएल में कप्तान के तौर पर श्रेयस का प्रदर्शन उन्हें भारतीय कप्तान की भूमिका के लिए जरूरी अनुभव देगा। आईपीएल में श्रेयस ने कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ 2024 का खिताब जीता और 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया। टी20 मुंबई लीग के ब्रांड एंबेसडर रोहित ने शनिवार को मुंबई में कहा, ''मुझे यकीन है कि पिछले कुछ वर्षों में अपनी फ्रेंचाइजी के लिए उन्होंने जिस तरह से कप्तानी की है, उसे देखते हुए उनका समय अच्छा रहेगा।''
रोहित की कप्तानी में भारत ने 2024 में अपना दूसरा टी20 विश्व कप खिताब जीता था। उन्होंने कहा कि मुंबई के क्रिकेटर के लिए कुछ भी आसानी से नहीं मिलता, लेकिन श्रेयस जानते होंगे कि कप्तानी ऐसी चीज है जिसे हासिल करना पड़ता है। उन्होंने कहा, ''देखिए, मुंबई में खेलना और मुंबई का प्रतिनिधित्व करना आपको बहुत कुछ सिखाता है। अगर आप हमसे पहले भारत या मुंबई की कप्तानी करने वाले किसी भी खिलाड़ी से पूछेंगे तो वे आपको यही बात बताएंगे। यहां कुछ भी आसानी से नहीं मिलता। मुझे पूरा यकीन है कि दूसरी जगहों पर भी ऐसा ही होता है। लेकिन यहां कुछ भी आसानी से नहीं मिलता, मैं सिर्फ मुंबई की बात कर रहा हूं।''
उन्होंने कहा, ''आपको वास्तव में इसे हासिल करना होता है इसलिए कप्तानी भी ऐसी चीज है जिसे आपको हासिल करना होता है और अपने आस पास के लोगों का सम्मान पाना होता है, और इन सभी खिलाड़ियों में यह खूबी है। '' रोहित ने भारत के कप्तान के तौर पर सूर्यकुमार के कार्यकाल की भी जमकर तारीफ की जिसके दौरान राष्ट्रीय टीम ने इस साल की शुरुआत में अपना तीसरा टी20 विश्व कप खिताब जीता था।
रोहित ने कहा, ''मुझे पूरा यकीन है कि कुछ भी आसानी से नहीं मिला, खासकर सूर्या के लिए। अगर मैं गलत नहीं हूं तो उन्होंने 30 या 31 साल की उम्र में भारत के लिए पदार्पण किया, जिसका मतलब है कि उन्होंने कभी हार नहीं मानी। वह हमेशा मुकाबले में बने रहना चाहते थे और जब मौका मिला, उसे दोनों हाथों से भुनाना चाहते थे, और उन्होंने ऐसा किया भी। ''
सोबो मुंबई फाल्कन्स के खिलाफ मैच में ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट की कप्तानी करने वाले सूर्यकुमार ने कहा कि उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि मुंबई के एक और खिलाड़ी ने राष्ट्रीय टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम की कमान संभाली है। टॉस के समय सूर्यकुमार ने कहा, ''बहुत कुछ हो रहा है, लेकिन श्रेयस के लिए बहुत खुशी है क्योंकि उन्हें भारतीय टी20 टीम की कप्तानी करने का मौका मिल रहा है। ''
उन्होंने कहा, ''हमने यहां मुंबई में साथ में बहुत क्रिकेट खेला है और मुझे सबसे अहम बात यह है कि मुंबई के लगातार तीन कप्तान भारतीय टी20 टीम की अगुआई करने जा रहे हैं। मुझे लगता है कि यह बहुत गर्व का पल है और सभी को इसका जश्न मनाना चाहिए।''
लेखक के बारे में
Vikash Gaurविकाश गौड़: डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर कम असिस्टेंट मैनेजर, स्पोर्ट्स
संक्षिप्त विवरण:
विकाश गौड़ पिछले 8 वर्षों से हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
विस्तृत बायो:
परिचय और अनुभव: विकाश गौड़ भारतीय डिजिटल स्पोर्ट्स मीडिया का एक उभरता हुआ चेहरा हैं। लगभग 8 वर्षों के अनुभव के साथ, विकाश ने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को जमीन से समझा है। 2016 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकाश ने डिजिटल-फर्स्ट अप्रोच के साथ खेल पत्रकारिता में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। जनवरी 2021 से वह 'लाइव हिन्दुस्तान' की स्पोर्ट्स टीम के मुख्य स्तंभ बने हुए हैं, जहां वह कंटेंट प्लानिंग और स्पोर्ट्स कवरेज का नेतृत्व करते हैं।
करियर का सफर:
मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से पत्रकारिता का ककहरा सीखने के बाद विकाश का सफर 'खबर नॉन स्टॉप' से शुरू हुआ था, जो अब देश के प्रतिष्ठित मीडिया घरानों तक फैला हुआ है। उन्होंने पत्रिका समूह की वेबसाइट 'कैच न्यूज' में खेल की खबरों की तकनीकी समझ विकसित की। इसके बाद 'डेली हंट' में वीडियो प्रोड्यूसर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने विजुअल स्टोरीटेलिंग के गुर सीखे। 'दैनिक जागरण' की वेबसाइट में करीब ढाई साल तक खेल डेस्क पर अपनी धार तेज करने के बाद, उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान का रुख किया, जहां वे बीते 4 साल से चौके-छक्के लगा रहे हैं। इंटर्न के तौर पर प्रिंट की समझ हासिल कर चुके विकाश गौड़ के पास अब डिजिटल की अच्छी समझ है और वे ट्रेंड को बखूबी फॉलो करते हैं।
खेल जगत की कवरेज और विशेषज्ञता:
अपने अब तक के करियर में विकाश ने दुनिया के कई बड़े खेल आयोजनों को डेस्क और फील्ड पर रहकर कवर किया है। उनकी विशेषज्ञता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स की भी गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख आयोजनों का व्यापक विश्लेषण और रिपोर्टिंग की है:
क्रिकेट:आईसीसी क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज।
ग्लोबल इवेंट्स: ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल
पत्रकारिता का दृष्टिकोण:
विकाश का मानना है कि खेल पत्रकारिता केवल स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के संघर्ष, खेल की रणनीति और डेटा के पीछे छिपी कहानी को पाठकों तक पहुंचाने का माध्यम है। लाइव हिन्दुस्तान में अपनी भूमिका में वह सुनिश्चित करते हैं कि खेल की खबरें सटीक, तेज और निष्पक्ष हों, जिससे पाठकों को एक संपूर्ण अनुभव मिल सके।
विशेषज्ञता:
क्रिकेट विश्लेषण एवं लाइव कवरेज
ओलंपिक एवं ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट्स
इंटरव्यू एवं मीडिया इंटरैक्शन
स्पोर्ट्स डेटा एंड स्टेटिस्टिक्स
डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी एंड टीम मैनेजमेंट



