धोनी को पछाड़ श्रेयस अय्यर इस मामले में बने नंबर-1 कप्तान, विराट कोहली तीसरे पायदान पर

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में सबसे ज्यादा 200 प्लस रन बनने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 में एक बार फिर टीम इंडिया ने यह कमाल किया। अय्यर ने इस लिस्ट में एमएस धोनी  को पछाड़ा है।

MS Dhoni, Shreyas Iyer and Virat Kohli
एमएस धोनी, श्रेयस अय्यर और विराट कोहली

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में एक और इतिहास रचा गया, जब भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टी20 में एक बार फिर 200 रन का आंकड़ा पार किया। अब अय्यर की कप्तानी में टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 200 प्लस स्कोर बनने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। इस लिस्ट में अय्यर ने पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी को पछाड़ा है। जबकि विराट कोहली लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं। इस लिस्ट में इंटरनेशनल से लेकर आईपीएल और डोमेस्टिक टी20 मैच भी शामिल है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में यह 37वां मौका है जब टीम ने 200 रन का आंकड़ा पार किया हो। वहीं धोनी की कप्तानी में ऐसा 36 बार तो कोहली की कप्तानी में ऐसा 29 बार ही हुआ है।

श्रेयस अय्यर ने सिर्फ 133 पारियों में किया ये कमाल

एमएस धोनी की अगुवाई में जहां टीमों ने 331 पारियों में सिर्फ 36 बार ही 200 रन का आंकड़ा पार किया, वहीं अय्यर की कप्तानी में मात्र 133 पारियों में टीमोंने 37 बार यह कारनामा किया। इन आंकड़ों से यह पता चलता है कि पिछले कुछ समय में टी20 क्रिकेट कितना बदला है। वहीं विराट कोहली की कप्तानी में टीमों ने 193 पारियों में 29 बार 200 रन का आंकड़ा पार किया था।

कैसा रहा भारत बनाम वेस्टइंडीज तीसरा टी20?

सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के तेजतर्रार अर्धशतक के बाद अर्शदीप सिंह की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने वेस्टइंडीज को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 14 रन से हराकर पांच मैच की सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है।

भारत के 224 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम शिमरोन हेटमायर (43 रन, 26 गेंद, छह चौके, दो छक्के) और कामिल पूरन (42 रन, 27 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) की उम्दा पारियों के बावजूद सात विकेट पर 209 रन ही बना सकी। शमार स्प्रिंगर (11 गेंद में नाबाद 35, चार छक्के, दो चौके) ने अंत में तूफानी पारी खेली लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

भारत की ओर से अर्शदीप ने 44 रन पर तीन जबकि नमन धीर ने 39 रन पर दो विकेट चटकाए।

वेस्टइंडीज के मौजूदा भारत दौरे पर यह पहला मौका है जब कोई टीम लक्ष्य का बचाव करने में सफल रही है।

भारत को सीरीज में अजेय बढ़त बनाने के लिए अगला मैच जीतना होगा। वहीं वेस्टइंडीज की नजरें एक बार फिर वापसी पर होगी। अगर वेस्टइंडीज चौथी टी20 जीतने में कामयाब रहता है तो सीरीज का पांचवां और आखिरी टी20 डिसाइडर मुकाबला बन जाएगा।

Lokesh Khera

लेखक के बारे में

Lokesh Khera

लोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।

और पढ़ें
Cricket News , Cricket Schedule , Live Cricket Score से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। क्रिकेट की सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप डाउनलोड करें।
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़धोनी को पछाड़ अय्यर इस मामले में बने नंबर-1 कप्तान, कोहली तीसरे पायदान पर