टी20 का कप्तान बनते ही श्रेयस अय्यर के बल्ले से निकली तूफानी पारी, सूर्यकुमार यादव को दिया मुंहतोड़ जवाब!
भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनने के बाद श्रेयस अय्यर के बल्ले से मुंबई टी20 लीग में धमाकेदार पारी निकली। इस पारी में खास बत यह रही कि उनकी यह पारी सूर्यकुमार यादव की टीम के खिलाफ आई।

श्रेयस अय्यर ने भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनते ही धमाकेदार पारी खेल डाली। उनकी यह पारी मुंबई टी20 लीग के दौरान आई। इस पारी में खास बात यह रही कि उनकी यह पारी और किसी के खिलाफ नहीं बल्कि सूर्यकुमार यादव की टीम के खिलाफ आई, जिन्हें कुर्सी से हटाकर श्रेयस अय्यर को टी20 टीम की कप्तानी सौंपी गई है। बीसीसीआई ने शनिवार दोपहर आयरलैंड, इंग्लैंड दौरे के साथ एशियन गेम्स का स्क्वॉड का ऐलान कर श्रेयस अय्यर को नया कप्तान नियुक्त किया। दिन में भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनने के बाद अय्यर ने शाम में मुंबई टी20 लीग में 36 गेंदों पर 5 चौकों और 4 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 61 रनों की मैच जिताऊ पारी खेल डाली। उन्हें इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से भी नवाजा गया।
मुंबई टी20 लीग का 12वां मुकाबला शनिवार, 6 जून की शाम ट्रायम्फ्स नाइट्स MNE और SoBo मुंबई फाल्कन्स के बीच खेला गया। सूर्यकुमार यादव ट्रायम्फ्स नाइट्स के कप्तान हैं तो श्रेयस अय्यर मुंबई फाल्कन्स की टीम में बतौर बल्लेबाज खेल रहे हैं। उनकी टीम की कप्तानी अदित्य तरे कर रहे हैं।
पहले बैटिंग करते हुए ट्रायम्फ्स नाइट्स MNE की टीम ने सूर्यकुमार यादव की 48 रनों की पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 147 रन बोर्ड पर लगाए। टी20 टीम की कप्तानी छिनने के बाद सूर्या ने 48 रनों की इस पारी में 3 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के लगाए।
148 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी SoBo मुंबई फाल्कन्स की टीम की शुरुआत तो अच्छी नहीं रही, मगर नंबर-4 पर आए श्रेयस अय्यर ने 36 गेंदों पर 61 रनों की पारी खेल मैच ही पलट दिया। अय्यर की इस पारी के दम पर उनकी टीम 20 गेंदें और 5 विकेट शेष रहते आसानी से जीत गई। अय्यर ने अपनी इस पारी में 5 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के लगाए।
श्रेयस अय्यर के कप्तान बनते ही सूर्यकुमार यादव का कटा टीम इंडिया से पत्ता
श्रेयस अय्यर के कप्तान बनते ही सूर्यकुमार यादव की कप्तानी की कुर्सी तो गई साथ ही उनका पत्ता टी20 टीम से भी कट गया है। भारत को 2026 टी20 वर्ल्ड कप खिताब जिताने वाले सूर्या का बतौर कप्तान रिकॉर्ड शानदार रहा है, मगर उनकी खराब फॉर्म उन्हें टीम से बाहर करने की सबसे बड़ी वजह बनी। आईपीएल 2026 में भी सूर्या का बल्ला खामोश रहा था, ऐसे में चयनकर्ताओं ने उनसे आगे बढ़ने का फैसला लिया।
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


