श्रेयस अय्यर की जगह इब्राहिम जादरान ने क्यों उछाला सिक्का? भारतीय क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा
IND vs AFG 1st T20I: आज से भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का आगाज हो गया है। इस सीरीज का मेजबान भारत नहीं बल्कि अफगानिस्तान है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में तीन मैचों की टी20 सीरीज शुरू हो गई है। आज पहले मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। द्विपक्षीय सीरीज में एक मेजबान तो दूसरी मेहमान टीम होती है। हालांकि, इस सीरीज का आधिकारिक मेजबान भारत नहीं बल्कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड है। भारत के 94 सालों के इंटरनेशनल क्रिकेट इतिहास में यह पहला मौका है, जब टीम इंडिया घर पर 'होम टीम' की बजाए 'विजिटिंग टीम' के तौर पर उतरी है। सुरक्षा कारणों से अफगानिस्तान अपने देश में इंटरनेशनल मैच की मेजबानी नहीं करता। ऐसे में अफगानिस्तान अपने घरेलू मैच भारत या संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में खेलता है। अफगानिस्तान के लिए इंडिया सीरीज उसके फ्यूचर टूर प्रोग्राम (एफटीपी) का हिस्सा है। यह अफगानिस्तान के लिए घरेलू मैच हैं।
श्रेयस की जगह इब्राहिम ने क्यों उछाला सिक्का?
क्रिकेट में परंपरागत रूप से घरेलू टीम का कप्तान सिक्का उछालता है। वहीं, मेहमान टीम का कप्तान हेड या टेल बोलता है, जिसके बाद टॉस जीतने पर तय होता कि पहले बल्लेबाजी या गेंदबाजी कौन-सी टीम करेगी? भारतीय टीम भले ही घर पर खेल रही है लेकिन मेजबान अफगानिस्तान है। ऐसे में अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान को श्रेयस अय्यर की जगह सिक्का उछालने का मौका मिला। भारतीय कप्तान श्रेयस ने टॉस जीतकर अफगानिस्तान को पहले बैटिंग के लिए उतारा। इसके अलावा टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में बदलाव हुआ है। अरुण जेटली स्टेडियम में होम और विजिटिंग टीम के लिए अलग-अलग ड्रेसिंग रूम हैं। अफगानिस्तान होम ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल कर रहा जबकि भारत मेहमान टीम के ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल कर रहा।
टॉस जीतने के बाद क्या बोले श्रेयस अय्यर?
टॉस जीतने के बाद श्रेयस ने कहा, ''हम पहले बॉलिंग करेंगे। जब आप दिल्ली में खेलते हैं तो आपको पता होता है कि पिच किस तरह का बर्ताव कर सकती है। हमने यहां काफी मैच खेले हैं तो उसके आधार पर और कंडीशन को देखते हुए यह फैसला किया। हमने पिछली सीरीज जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली थी तो बहुत सारी पॉजिटिव बातें थीं। वही एटीट्यूड हमें इस सीरीज में भी रखना है।'' धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की चोट से उबरने के बाद वापसी हुई है। पहले टी20 में वैभव सूर्यवंशी को अवसर नहीं मिला। अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन ओपनिंग करेंगे।
भारत की प्लेइंग XI: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
अफगानिस्तान की प्लेइंग XI: इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अज़मतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी।



