
अगर श्रेयस अय्यर के ODI कमबैक में हुई देरी तो फिर स्टैंड-बाय पर है ये दमदार बल्लेबाज
श्रेयस अय्यर के ODI कमबैक पर तलवार लटकी हुई है। 6 जनवरी को उनको विजय हजारे ट्रॉफी का मैच खेलने के लिए कहा गया है। अगर वे इस मैच में अपनी फिटनेस साबित नहीं करते हैं तो उनके लिए एक स्टैंड-बाय बैटर भी है।
श्रेयस अय्यर को न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू हो रही 3 मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया है। बीसीसीआई ने टीम की घोषणा करते हुए ये जानकारी भी दी है कि उनको अभी फिटनेस साबित करनी है। 6 जनवरी को श्रेयस अय्यर को मुंबई के लिए विजय हजारे ट्रॉफी मैच में खेलना है। अगर इस मैच में वे अपनी 100 ओवर की फिटनेस को साबित नहीं कर पाए तो फिर कम से कम पहले वनडे मैच से उनको बाहर बैठना पड़ सकता है और ऐसे में एक खिलाड़ी को स्टैंड-बाय पर रखा गया है।
ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर में कैच पकड़ते समय स्पलीन इंजरी का सामना श्रेयस अय्यर को करना पड़ा था। इसके बाद से वे एक भी प्रोफेशनल मैच नहीं खेले हैं। बीसीसीआई ने स्क्वॉड का ऐलान करते हुए बताया था कि श्रेयस अय्यर को सीओई यानी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से वनडे टीम में शामिल होने के लिए फिटनेस क्लियरेंस हासिल करना है। हालांकि, क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार वे तीन में से कम से कम एक या फिर आखिरी के दो मैचों में खेल सकते हैं।
एक जानकार सूत्र ने कहा, "वह लगभग तैयार हैं। वह पहले गेम के लिए 99 परसेंट उपलब्ध होने चाहिए। COE को एक परसेंट शक इस बात पर है कि क्या वह 100 ओवर तक खेल पाएंगे और यह बात विजय हजारे मैच में पता चल जाएगी।" मुंबई क्रिकेट संघ ने जानकारी दी है कि सोमवार 5 जनवरी तक वे जयपुर पहुंच जाएंगे, जहां मुंबई का अगला मैच 6 जनवरी से हिमाचल प्रदेश के खिलाफ है। अगर उन्हें इस मैच से फिटनेस क्लियरेंस मिल जाता है, तो वे तुरंत बड़ौदा जाएंगे।
अगर नहीं मिलता तो स्टैंड-बाय पर रुतुराज गायकवाड़ हैं। वे उस मैच के लिए उपलब्ध होंगे और इस केस में श्रेयस को 8 जनवरी को पंजाब के खिलाफ एक और विजय हजारे ट्रॉफी का मुकाबला खेलना होगा। इस केस में वे अगले मैच से पहले फिर बड़ौदा की बजाय राजकोट जाएंगे, जहां दूसरा वनडे मैच खेलना है। जयपुर में मुंबई के मैच के दौरान सिलेक्शन कमिटी के कुछ सदस्य भी स्टेडियम में मौजूद रहेंगे।






