सिडनी के अस्पताल में ICU में भर्ती हैं श्रेयस अय्यर, इंटरनल ब्लीडिंग बनी उपकप्तान के लिए मुसीबत
श्रेयस अय्यर को कैच पकड़ते समय सिडनी वनडे मैच में चोट लगी थी और इसके बाद से वे अस्पताल में भर्ती हैं। अभी कुछ दिन वह सिडनी में ही एक अस्पताल में भर्ती रहेंगे, क्योंकि उनको इंटरनल ब्लीडिंग हो रही है।

भारत की वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे मैच के दौरान पसलियों में चोट लगी थी। कैच पकड़ते समय लगी इस चोट के कारण श्रेयस अय्यर को आंतरिक रक्तस्राव यानी इंटरनल ब्लीडिंग का सामना करना पड़ा और इसके बाद उनको सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह फिलहाल इंटेंसिव केयर यूनिट यानी आईसीयू में हैं। अगले कुछ दिनों तक उनको छुट्टी मिलने वाली नहीं है। 5 से 7 दिन तक वह अस्पताल में भर्ती रह सकते हैं। एक रिपोर्ट में ये भी बताया जा रहा है कि श्रेयस अय्यर के माता-पिता को ऑस्ट्रेलिया का वीजा दिए जाने की बात सामने आ रही है। बेटे की देखभाल के लिए वे जल्द ऑस्ट्रेलिया रवाना हो सकते हैं।
अय्यर ने बैकवर्ड पॉइंट से पीछे की ओर दौड़ते हुए एलेक्स कैरी का शानदार कैच पकड़ा था। इसी दौरान उनकी बाईं पसली में चोट लग गई थी और शनिवार को ड्रेसिंग रूम लौटने के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। वे अब आईसीयू में हैं। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद, इंटरनल ब्लीडिंग का पता चला और उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। इस घटनाक्रम से जुड़े एक सूत्र ने नाम न छापने की शर्त पर पीटीआई को बताया, “उनके स्वास्थ्य में सुधार के आधार पर उन्हें दो से सात दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा, क्योंकि ब्लीडिंग के कारण संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए ऐसा करना जरूरी है।”
कैच लेने के बाद दर्द में नजर आए श्रेयस अय्यर को पहले ड्रेसिंग रूम ले जाया गया था। ड्रेसिंग रूम में कुछ महत्वपूर्ण चीजों को मापा गया, लेकिन इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिला तो बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने तुरंत कार्रवाई की और उन्हें अस्पताल भेज दिया गया। सूत्र ने आगे कहा, "टीम के डॉक्टर और फिजियो ने कोई जोखिम नहीं उठाया और उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। अब हालत स्थिर है, लेकिन यह जानलेवा हो सकता था। वह एक मजबूत खिलाड़ी हैं और जल्द ही ठीक हो जाएंगे।" शुरुआत में, अय्यर के लगभग तीन हफ्ते तक मैदान से बाहर रहने की उम्मीद थी, लेकिन अब उनके ठीक होने की अवधि लंबी हो सकती है।
सूत्र ने बताया, "चूंकि इंटरनल ब्लीडिंग हुई है, इसलिए उन्हें निश्चित रूप से ठीक होने के लिए अधिक समय की आवश्यकता होगी, और इस समय प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में उनकी वापसी के लिए कोई निश्चित समयसीमा निर्धारित करना मुश्किल है।" 31 वर्षीय अय्यर को भारत वापस जाने के लिए फिट घोषित किए जाने से पहले कम से कम एक हफ्ते तक सिडनी के अस्पताल में रहना होगा। अय्यर भारत की टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं। भारतीय सपोर्ट स्टाफ और टी20 टीम तब तक ऑस्ट्रेलिया में ही रहेगी।
लेखक के बारे में
Vikash Gaurविकाश गौड़: डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर कम असिस्टेंट मैनेजर, स्पोर्ट्स
संक्षिप्त विवरण:
विकाश गौड़ पिछले 8 वर्षों से हिंदी डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) के स्पोर्ट्स सेक्शन में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर (असिस्टेंट मैनेजर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
विस्तृत बायो:
परिचय और अनुभव: विकाश गौड़ भारतीय डिजिटल स्पोर्ट्स मीडिया का एक उभरता हुआ चेहरा हैं। लगभग 8 वर्षों के अनुभव के साथ, विकाश ने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को जमीन से समझा है। 2016 में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकाश ने डिजिटल-फर्स्ट अप्रोच के साथ खेल पत्रकारिता में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। जनवरी 2021 से वह 'लाइव हिन्दुस्तान' की स्पोर्ट्स टीम के मुख्य स्तंभ बने हुए हैं, जहां वह कंटेंट प्लानिंग और स्पोर्ट्स कवरेज का नेतृत्व करते हैं।
करियर का सफर:
मंगलायतन विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से पत्रकारिता का ककहरा सीखने के बाद विकाश का सफर 'खबर नॉन स्टॉप' से शुरू हुआ था, जो अब देश के प्रतिष्ठित मीडिया घरानों तक फैला हुआ है। उन्होंने पत्रिका समूह की वेबसाइट 'कैच न्यूज' में खेल की खबरों की तकनीकी समझ विकसित की। इसके बाद 'डेली हंट' में वीडियो प्रोड्यूसर के तौर पर काम करते हुए उन्होंने विजुअल स्टोरीटेलिंग के गुर सीखे। 'दैनिक जागरण' की वेबसाइट में करीब ढाई साल तक खेल डेस्क पर अपनी धार तेज करने के बाद, उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान का रुख किया, जहां वे बीते 4 साल से चौके-छक्के लगा रहे हैं। इंटर्न के तौर पर प्रिंट की समझ हासिल कर चुके विकाश गौड़ के पास अब डिजिटल की अच्छी समझ है और वे ट्रेंड को बखूबी फॉलो करते हैं।
खेल जगत की कवरेज और विशेषज्ञता:
अपने अब तक के करियर में विकाश ने दुनिया के कई बड़े खेल आयोजनों को डेस्क और फील्ड पर रहकर कवर किया है। उनकी विशेषज्ञता केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह मल्टी-स्पोर्ट्स इवेंट्स की भी गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने निम्नलिखित प्रमुख आयोजनों का व्यापक विश्लेषण और रिपोर्टिंग की है:
क्रिकेट:आईसीसी क्रिकेट विश्व कप, आईपीएल और द्विपक्षीय सीरीज।
ग्लोबल इवेंट्स: ओलंपिक गेम्स, राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेल
पत्रकारिता का दृष्टिकोण:
विकाश का मानना है कि खेल पत्रकारिता केवल स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खिलाड़ियों के संघर्ष, खेल की रणनीति और डेटा के पीछे छिपी कहानी को पाठकों तक पहुंचाने का माध्यम है। लाइव हिन्दुस्तान में अपनी भूमिका में वह सुनिश्चित करते हैं कि खेल की खबरें सटीक, तेज और निष्पक्ष हों, जिससे पाठकों को एक संपूर्ण अनुभव मिल सके।
विशेषज्ञता:
क्रिकेट विश्लेषण एवं लाइव कवरेज
ओलंपिक एवं ग्लोबल स्पोर्ट्स इवेंट्स
इंटरव्यू एवं मीडिया इंटरैक्शन
स्पोर्ट्स डेटा एंड स्टेटिस्टिक्स
डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी एंड टीम मैनेजमेंट
ट्विटर प्रोफाइल
लिंक्डइन और पढ़ें




