सूर्यकुमार यादव को जो 'जख्म' 52 मैचों में मिला, वो कप्तान श्रेयस अय्यर ने 20 मैचों में झेला
श्रेयस अय्यर ने टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच हारने वाले भारतीय कप्तानों की लिस्ट में सूर्यकुमार यादव की बराबरी कर ली है। श्रेयस ब्रिगेड को वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 में हार का सामना करना पड़ा।

श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के हाथों चौथे टी20 में 24 रनों से हार मिली। वेस्टइंडीज ने बुधवार को हैदराबाद के मैदान पर 247/3 का विशाल स्कोर बनाया। जवाब भारतीय टीम 19.3 ओवर में 223 रन ही जुटा की। संजू सैमसन (23 गेंदों में 52), तिलक वर्मा (25 गेंदों में 43) और नीतीश कुमार रेड्डी (20 गेंदों में 41) ने तूफानी बैटिंग की लेकिन जीत की दहलीज पार नहीं हुई। श्रेयस के बल्ले से 11 गेंदों में 16 रन निकले, जिसमें दो चौके शामिल हैं। वेस्टइंडीज की ओर से कीमो पॉल ने पंजा खोला। उन्होंने 42 रन देकर 5 विकेट चटकाए। वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-2 की बराबरी हासिल कर ली है।
श्रेयस ने इस मामले में की सूर्या की बराबरी
श्रेयस को जून 2026 में सूर्यकुमार यादव की जगह भारतीय टी20 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था। सूर्या ने अपनी कप्तानी में जो 'जख्म' 52 मैचों में मिला, वो श्रेयस को 20 मैचों में झेलना पड़ गया है। दरअसल, श्रेयस टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच हारने वाले भारतीय कप्तानों की लिस्ट में संयुक्त रूप से चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने सूर्यकमार की बराबरी की। श्रेयस अब तक 20 मुकाबलों में कप्तानी करने के बाद 8 विकेट गंवाए हैं और 11 में जीत दर्ज की। एक मैच बेनतीजा रहा। वहीं, सूर्या ने 52 मैचों में भारतीय टीम की कमान संभालने के बाद 8 में हार का सामना किया और 42 में जीत नसीब हुई। दो मैच का रिजल्ट नहीं निकला। T20I में बतौर भारतीय कप्तान सबसे ज्यादा मैच एमएस धोनी ने गंवाए हैं। उन्होंने 72 मैचों में बागडोर संभाली और 28 में हार का मुंह देखा। उनकी कप्तानी में भी भारत ने 42 मैच जीते और दो बेनतीजा रहे।
T20I में सबसे ज्यादा मैच हारने वाले भारतीय कप्तान (कुल मैचों की संख्या)
28 - एमएस धोनी (72)
16 - विराट कोहली (50)
12 - रोहित शर्मा (62)
8 - श्रेयस अय्यर (20)
8 - सूर्यकुमार यादव (52)
5 - हार्दिक पांड्या (16)
'250 का लक्ष्य हासिल करना आसान नहीं'
हैदराबाद T20I गंवाने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि वे योजनाओं पर अमल नहीं कर सके। उन्होंने कहा, ''हम गेंदबाजी में योजनाओं को अमल में नहीं ला सके। 250 रन के लक्ष्य को हासिल करना कभी भी आसान नहीं रहता। हम 12 रन प्रति ओवर के अधिक की रेट से रन बना रहे थे और वेस्टइंडीज़ ने बढ़िया गेंदबाजी की और इसका श्रेय उन्हें जाता है।'' अय्यर ने कहा, ''गेंद का बाउंस भी अधिक हो गया था लेकिन उनके गेंदबाजों ने बदली हुई परिस्थितियों को भांपा। अगला मुकाबला काफी दिलचस्प होगा।'' टी20 सीरीज का पांचवां और निर्णायक मुकाबला शनिवार को बेंगलुरु में आयोजित होगा।


