श्रेयस अय्यर ने तोड़ा विराट कोहली का रिकॉर्ड, इस लिस्ट में पहुंचे दूसरे पायदान पर; नंबर-1 कौन?
श्रेयस अय्यर ने अफगानिस्तान के खिलाफ 26 रन की पारी खेल वनडे करियर में 3000 रन पूरे कर लिए हैं। इसी के साथ वह पूर्व कप्तान विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब रहे। वह लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं।

शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को दूसरे वनडे में 170 रनों के बड़े अंतर से रौंदते हुए तीन मैच की वनडे सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बनाई। भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 402 रन बोर्ड पर लगाए थे, यह वनडे क्रिकेट के इतिहास में 8वीं बार है जब टीम इंडिया ने 400 रन का आंकड़ा पार किया हो। कप्तान शुभमन गिल के साथ ईशान किशन ने इस मैच में शतक जड़े। वहीं उप-कप्तान श्रेयस अय्यर ने 26 रनों की पारी के साथ ही कमाल कर दिया। अय्यर ने इन 26 रनों के साथ वनडे करियर में 3000 रन पूरे किए और विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा। जी हां, अय्यर अब भारत के लिए सबसे कम पारियों में 3000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं किंग कोहली तीसरे पायदान हैं।
श्रेयस अय्यर ने विराट कोहली को पछाड़ टॉप-2 में बनाई जगह
श्रेयस अय्यर ने वनडे क्रिकेट में 3000 रन का आंकड़ा 72 पारियों में छुआ है, वहीं पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने भी यह कारनामा इतनी ही पारियों में किया था। अय्यर और धवन लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर हैं। वहीं विराट कोहली ने वनडे में 3000 रन बनाने के लिए 75 पारियां ली थी।
वहीं भारतीय कप्तान शुभमन गिल इस लिस्ट में पहले पायदान पर हैं। उन्होंने 3000 वनडे रन का आंकड़ा मात्र 62 पारियों में छुआ था। अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की थी।
भारत के लिए सबसे तेज 3000 ODI रन बनाने वाले खिलाड़ी (पारियां)
62 शुभमन गिल
72 शिखर धवन/श्रेयस लायर
75 विराट कोहली
78 केएल राहुल
79 नवजोत सिद्धू
वहीं बात सबसे कम गेंदों में 3000 वनडे रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ियों की करें तो श्रेयस अय्यर लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं, वहीं शुभमन गिल दूसरे। बता दें, इस लिस्ट में पहले पायदान पर 1983 वर्ल्ड कप विनिंग कप्तान कपिल देव है। जी हां, यह नाम थोड़ा हैरान कर देने वाला है।
श्रेयस अय्यर ने 3000 वनडे रन बनाने के लिए 3049 गेंदें ली, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 3016 गेंदें ली थी।
कपिल देव अकेले ऐसे भारतीय हैं, जिन्होंने ऐसा करने के लिए 3000 से भी कम गेंदों का इस्तेमाल किया था। उन्होंने 2995 गेंदों में 3000 रन का आंकड़ा छुआ था, मतलब है कि उनका स्ट्राइक रेट 100 से अधिक था, जो अभी तक किसी भारतीय का भी नहीं है।
वहीं पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 3164 गेंदें ली थी।



