श्रेयस अय्यर बने भारत के 15वें T20I कप्तान, वैभव सूर्यवंशी समेत इन खिलाड़ियों की चमकीं किस्मत!
Shreyas Iyer Captain: बीसीसीआई ने आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। श्रेयस अय्यर टी20 टीम के नए कप्तान होंगे। वह भारत के लिए टी20 में कप्तानी करने वाले 15वें खिलाड़ी होंगे। वैभव सूर्यवंशी को भी स्क्वॉड में जगह मिली है।

Shreyas Iyer Captain: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने आगामी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम का ऐलान कर दिया है। स्क्वॉड के ऐलान के साथ-साथ नए कप्तान का भी ऐलान हो गया है। बीसीसीआई ने सूर्यकुमार यादव को बर्खास्त कर श्रेयस अय्यर को टी20 टीम का नया कप्तान बनाया है। सूर्या की कप्तानी में भारत ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था, मगर बल्ले से खराब परफॉर्मेंस के कारण उनकी कप्तानी की कुर्सी गई है। सूर्या को कप्तानी से हटाए जाने के साथ-साथ टीम से भी उनका पत्ता कटा है। श्रेयस अय्यर टी20 में भारत के लिए कप्तानी करने वाले 15वें खिलाड़ी होंगे। इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी की भी किस्मत चमकी है। उन्हें पहली बार सीनियर टी20 टीम में जगह मिली है।
वैभव सूर्यवंशी के अलावा प्रिंस यादव को पहली बार टी20 टीम के लिए सिलेक्ट किया गया है। आईपीएल 2026 में उनकी लाजवाब परफॉर्मेंस का उन्हें यह इनाम मिला है। प्रिंस यादव का चयन अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे टीम में भी हुआ है।
जसप्रीत बुमराह को आगामी 2027 वर्ल्ड कप और टेस्ट क्रिकेट को देखते हुए आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर आराम दिया गया है।
वहीं कुलदीप यादव का टी20 टीम से पत्ता गट गया है। उनकी जगह रवि बिश्नोई को चुना गया है।
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतिश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी
वीरेंद्र सहवाग भारत के लिए टी20 क्रिकेट में कप्तानी करने वाले पहले कप्तान थे। अब श्रेयस अय्यर 15वें खिलाड़ी होंगे जो टी20 टीम की कमान संभालेंगे। उनसे पहले ऋषभ पंत, हार्दिक पांड्या, रुतुराज गायकवाड़ और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ी भी कप्तान बन चुके हैं। अय्यर 2023 के बाद भारत के लिए टी20 मैच आयरलैंड दौरे पर खेलेंगे।
भारत के लिए टी20 क्रिकेट में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी-
वीरेंद्र सहवाग
एमएस धोनी
सुरेश रैना
अजिंक्य रहाणे
विराट कोहली
रोहित शर्मा
शिखर धवन
ऋषभ पंत
हार्दिक पांड्या
केएल राहुल
जसप्रीत बुमराह
रुतुराज गायकवाड़
सूर्यकुमार यादव
शुभमन गिल
लेखक के बारे में
Lokesh Kheraलोकेश खेड़ा लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। हिंदी पत्रकारिता में इन्हें एक दशक से भी अधिक का अनुभव है। बचपन की अपनी रुचि को प्रोफेशनल करियर में तबदील करते हुए 2018 में बतौर खेल पत्रकार अपना सफर शुरू किया। क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, हॉकी, एथलेटिक्स समेत तमाम खेलों को बारीकी से कवर करते हैं। क्रिकेट टुडे के साथ उनकी पारी का आगाज हुआ, जहां उन्होंने वेबसाइड के साथ मैगजीन के लिए काम किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी के साथ जुड़े और वहां तीन साल अपनी सेवाएं दी। इस दौरान ओलंपिक, कॉमनवेल्थ गेम्स, 2019 वनडे वर्ल्ड कप और 2021 टी20 वर्ल्ड कप जैसे तमाम इवेंट कवर किए और कई इंटरव्यू भी लिए, जिसमें दानिश कनेरिया और चेतन साकारिया जैसे इंटरनेशनल स्टार शामिल हैं। लाइव हिन्दुस्तान के साथ वह फरवरी 2022 जुड़े। यहां भी उन्होंने कॉमनवेल्थ, ओलंपिक, 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जैसे बड़े-बड़े इंटरनेशनल इवेंट को बखूबी कवर किया और नई सचें सीखने में हमेशा रुचि रखते हैं। क्रिकेट पढ़ने लिखने के अलावा खुद खेलना भी पंसद करते हैं। इसके अलावा किताबें पढ़ना भी पंसद है।
और पढ़ें


