शिमरन हेटमायर बने एक वर्ल्ड कप एडिशन में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बैटर, साहिबजादा फरहान को पछाड़ा
शिमरन हेटमायर एक टी-20 वर्ल्ड कप एडिशन में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने साल 2026 के एडिशन में कुल 19 छक्के लगा दिए हैं जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा विश्व कप के एक संस्करण में लगाए गए सर्वाधिक छक्के हैं।

आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 में सुपर-8 का अहम मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी है, जिसमें वेस्टइंडीज की टीम पहले बल्लेबाजी कर रही है। मैच में शिमरन हेटमायर ने दो छक्के जड़कर बल्लेबाजी का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। रविवार को खेले गए मैच में दो गगनचुंबी सिक्स जड़कर शिमरन हेटमायर ने एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। वे अब टी-20 विश्व कप के एक एडिशन में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
हेटमायर ने अब तक टी-20 विश्व कप 2026 के एडिशन में 19 छक्के जड़े हैं और उन्होंने पाकिस्तानी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को पीछे छोड़ते हुए यह कीर्तिमान अपने नाम स्थापित किया है। इसी विश्व कप में साहिबजादा फरहान ने कुल 18 छक्के जड़े थे, लेकिन अब हेटमायर ने 19 छक्कों के साथ खुद को नंबर वन की पोजीशन पर स्थापित कर दिया है।
एक टी-20 विश्व कप एडिशन में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर शिमरन हेटमायर और साहिबजादा फरहान के बाद तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन हैं, जिन्होंने साल 2024 के टी-20 वर्ल्ड कप एडिशन में कुल 17 छक्के जड़ दिए थे। इस सूची में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों का जलवा नजर आता है। यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल 16 छक्कों के साथ इस सूची में चौथे स्थान पर हैं। उन्होंने यह कारनामा साल 2012 के विश्व कप में किया था। इस साल वेस्टइंडीज ने टी-20 विश्व कप का खिताब भी पहली बार जीता था। सूची में अफगानिस्तान के बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज का नाम भी है, जिन्होंने साल 2024 के विश्व कप में कमाल करते हुए 16 छक्के जड़ दिए थे।
एक टी-20 विश्व कप एडिशन में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज
19- शिमरन हेटमायर (वेस्टइंडीज) 2026 विश्व कप
18- साहिबजादा फरहान (पाकिस्तान) 2026 विश्व कप
17- निकोलस पूरन (वेस्टइंडीज) 2024 विश्व कप
16- क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) 2012 विश्व कप
16- रहमानुल्लाह गुरबाज (अफगानिस्तान) 2024 विश्व कप
मैच की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अभी कांटे की टक्कर चल रही है। शिमरन हेटमायर ने 2 छक्के लगाने के बाद मैच में कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया। वे 12 गेंदों में ताबड़तोड़ 27 रन बनाए जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 227 का रहा। उन्होंने अपनी पारी के दौरान ना सिर्फ 2 गगनचुंबी छक्के लगाए बल्कि 1 चौका भी जड़ा। शिमरन हेटमायर को जल्दी आउट कर लेना भारतीय गेंदबाजों और टीम के लिए सकारात्मक संकेत है।




