चाहे विराट हों या रोहित…2027 वर्ल्ड कप खेलने पर शिखर धवन ने दिया बड़ा बयान
शिखर धवन ने रोहित शर्मा और विराट कोहली के वर्ल्ड कप 2027 में खेलने पर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि यह दोनों वर्ल्ड कप में बहुत वैल्यू ऐड करेंगे और टीम को जिताने में मदद करेंगे।

रोहित शर्मा और विराट कोहली ने साफ कर दिया है कि वह आगामी 2027 वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, मगर चयनकर्ता और टीम मैनेचमेंट की तरफ से स्थिति साफ नहीं है। ऐसे में क्रिकेट एक्सपर्ट्स से लगातार इन दोनों दिग्गजों को लेकर सवाल किया जाता है। जब यह सवाल उनके साथी क्रिकेटर शिखर धवन से किया गया तो उन्होंने रोहित-विराट का समर्थन करते हुए कहा कि वह 2027 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम में बहुत वैल्यू ऐड करेंगे और टीम को जिताने में मदद करेंगे। बता दें, इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में हुई वनडे सीरीज के दौरान रोहित शर्मा के रिटायरमेंट की खबरों से क्रिकेट का बाजार गर्म था। ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई थी कि चयनकर्ताओं ने हिटमैन को बता दिया है कि वह वर्ल्ड कप स्कीम का हिस्सा नहीं है। हालांकि इसको लेकर रोहित ने बीसीसीआई के आला अधिकारियों से बात की और इन सभी रिपोर्ट्स पर पूर्ण विराम लगवाया।
रोहित शर्मा और विराट कोहली पर सवाल उनकी बढ़ती उम्र के कारण उठ रहे हैं। विराट फिलहाल 37 साल के हैं, नवंबर में 38 के हो जाएंगे। वहीं रोहित शर्मा अभी 39 साल के हैं और अगले साल वर्ल्ड कप से पहले 40 के हो जाएंगे। ऐसे में उनकी फिटनेस और फॉर्म को लेकर टीम मैनेजमेंट संदेह में हैं।
धवन ने कोहली और रोहित की प्रशंसा करते हुए उन्हें दिग्गज खिलाड़ी बताया जिन्होंने कई वर्षों तक भारतीय क्रिकेट की सेवा की है। उन्होंने कहा कि जब वे लगभग 16 साल के थे तब से उनका दोनों के साथ एक रिश्ता है। धवन ने लॉर्ड्स में रोहित के हालिया शतक की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने बल्ले से चुनौतीपूर्ण दौर का जवाब दिया और पिछले कुछ सालों में लगातार अपनी क्षमता साबित की है। उन्होंने कोहली की फिटनेस और प्रदर्शन की भी सराहना की और कहा कि उनकी जितनी प्रशंसा की जाए, उतनी कम है। धवन ने भरोसा जताया कि दोनों खिलाड़ी टीम में शानदार प्रदर्शन करेंगे और भारत को विश्व कप जीतने में मदद करेंगे।
शिखर धवन ने ANI से कहा, "वे लेजेंड हैं, उन्होंने इतने सालों तक देश के लिए परफॉर्म किया है। चाहे विराट हों या रोहित, हम सभी का रिश्ता तब से है जब हम लगभग 16 साल के थे। वे मुझसे 2-3 साल छोटे हैं। और यह बहुत खुशी की बात है कि वे अब तैयारी कर रहे हैं। रोहित ने हाल ही में लॉर्ड्स में सेंचुरी बनाई, तो उन्होंने एक शानदार सेंचुरी बनाई और दिखाया कि उनका बल्ला कैसे बोलता है। खैर, वह इतने सालों से यह दिखा रहे हैं। और जब थोड़ी मुश्किल सिचुएशन आई, तो उन्होंने अपने बल्ले से जवाब दिया।
और विराट की बात करें तो उनकी जितनी तारीफ की जाए, उतनी कम है। खुद को इतना फिट रखना, इतना अच्छा परफॉर्म करना। और मुझे यकीन है कि वे दोनों वर्ल्ड कप में बहुत वैल्यू ऐड करेंगे और टीम को जिताने में मदद करेंगे।"



