
तलाक के 3 साल बाद शिखर धवन ने की सगाई; लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड सोफी को बनाया हमसफर
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज ओपनर शिखर धवन ने अपनी जिंदगी की एक नई और खूबसूरत पारी का आगाज कर दिया है। उन्होंने 12 जनवरी, 2026 को अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ सगाई कर ली है। इस बड़ी खुशखबरी को धवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट के जरिए साझा किया।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज ओपनर शिखर धवन ने अपनी जिंदगी की एक नई और खूबसूरत पारी का आगाज कर दिया है। उन्होंने 12 जनवरी, 2026 को अपनी लॉन्ग टाइम गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ सगाई कर ली है। इस बड़ी खुशखबरी को धवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक बेहद इमोशनल पोस्ट के जरिए साझा किया। उन्होंने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए लिखा, "मुस्कान से शुरू हुआ यह सफर अब हमेशा के साथ में बदल गया है। हम अपने इस सफर के लिए प्यार और आशीर्वाद के आभारी हैं"। अगस्त 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद धवन अब अपनी व्यक्तिगत जिंदगी के इस नए अध्याय को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।
धवन और सोफी के बीच प्यार का यह अंकुर दुबई के एक रेस्टोरेंट में पहली मुलाकात के साथ फूटा था। साल 2023 में अपनी पहली पत्नी से तलाक होने के बाद धवन की मुलाकात सोफी से हुई, जो धीरे-धीरे गहरी दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। सोफी शाइन मूल रूप से आयरिश हैं और पिछले कुछ वर्षों से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रह रही हैं। पेशे से एक प्रोडक्ट कंसल्टेंट सोफी का वित्तीय सेवा क्षेत्र में एक मजबूत पेशेवर अनुभव है और सोशल मीडिया पर भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है। इस जोड़े ने 1 मई, 2025 को अपने रिश्ते को सोशल मीडिया पर आधिकारिक किया था।
धवन द्वारा साझा की गई सगाई की तस्वीर में यह खास पल बेहद कलात्मक अंदाज में कैद है। तस्वीर में लाल फूलों से बना एक दिल के आकार का फ्रेम नजर आ रहा है, जिसके बीच में “The beginning of forever” का संदेश लिखा है। इस फ्रेम के सामने कपल एक-दूसरे का हाथ थामे हुए है और सोफी की उंगली में चमकती हुई सगाई की अंगूठी साफ देखी जा सकती है। सूत्रों के अनुसार, यह जोड़ा पिछले करीब एक साल से साथ रह रहा था, जिससे उनके रिश्ते की गंभीरता का अंदाजा पहले ही लगाया जा रहा था। सगाई की खबर आते ही क्रिकेट जगत और प्रशंसकों की ओर से उन्हें बधाइयों मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है।
अब सबकी नजरें इस स्टार कपल की शादी पर टिकी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स और अटकलों के अनुसार, शिखर धवन और सोफी शाइन इसी साल फरवरी 2026 में शादी के बंधन में बंध सकते हैं। हालांकि अभी तक आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि शादी की रस्में दिल्ली-एनसीआर में आयोजित की जा सकती हैं, जबकि मुख्य समारोह के लिए गोवा जैसे किसी स्थान को डेस्टिनेशन वेडिंग के तौर पर चुना जा सकता है।






