शतक में ब्रायन लारा की बराबरी, विव रिचर्ड्स के बाद दूसरा सबसे तेज 6000 रन, शाई होप ने रचा इतिहास

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार शतक जड़ा। ओडीआई में यह उनका 19वां शतक था और इस मामले में उन्होंने महान ब्रायन लारा की बराबरी कर ली है। इस दौरान उन्होंने 6000 रन भी पूरे किए। वह विव रिचर्ड्स के बाद सबसे तेज 6000 वनडे रन बनाने वाले वेस्टइंडीज के दूसरे खिलाड़ी हैं।

Shai Hope

वेस्टइंडीज के वनडे कप्तान शाई होप ने इतिहास रच दिया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ बारिश से प्रभावित मैच में उन्होंने सिर्फ 69 गेंदों में 109 रन की धुआंधार पारी खेली। वनडे में यह उनका 19वां शतक था और इस मामले में उन्होंने महान ब्रायन लारा की बराबरी कर ली है। इसके अलावा वह सबसे कम पारियों में 6000 वनडे रन बनाने वाले वेस्टइंडीज के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। ये रिकॉर्ड महान विव रिचर्ड्स के नाम है।

वनडे सेंचुरी के मामले में ब्रायन लारा की बराबरी

शाई होप अब वनडे में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले वेस्टइंडीज के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। वह और ब्रायन लारा दोनों के ही नाम वनडे में 19-19 शतक हैं। लारा ने ये शतक 258 पारियों में जड़े थे, जबकि शाई होप ने सिर्फ 142 पारी में 19 वनडे शतक ठोक दिया है। वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों में उनसे ज्यादा वनडे शतक सिर्फ क्रिस गेल के हैं जिन्होंने 291 पारियों में 25 सेंचुरी ठोकी थी।

विव रिचर्ड्स के बाद सबसे तेज 6000 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज

शाई होप वेस्टइंडीज के लिए सबसे कम पारियों में 6000 ओडीआई रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं। ये उनकी 142वीं पारी थी। वेस्टइंडीज के लिए सबसे तेज 6000 ओडीआई रन का रिकॉर्ड विव रिचर्ड्स के नाम है जिन्होंने 141 पारियों में ये उपलब्धि हासिल की थी।

सिर्फ 66 गेंदों में जड़ी सेंचुरी

बुधवार को बारिश की वजह से वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के बीच मैच में देरी हुई। बाद में मैच को 50 ओवर के बजाय घटाकर 34-34 ओवर का कर दिया गया। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान शाई होप के विस्फोटक शतक की बदौलत 34 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 247 रन का स्कोर खड़ा किया।

होप ने सिर्फ 66 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। वह 69 गेंद में 109 रन बनाकर अंत तक आउट नहीं हुए। उनके अलावा वेस्टइंडीज का कोई और बल्लेबाज 22 रन के आंकड़े को भी पार नहीं कर पाया। एकीम अगस्ते, जस्टिन ग्रीव्स और रोमारियो शेफर्ड ने 22-22 रन बनाए। मैथ्यू फोर्ड ने 21 रन का योगदान दिया।

न्यूजीलैंड की तरफ से नाथन स्मिथ सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 7 ओवर में 42 रन देकर 4 विकेट झटके। काइल जेमिसन को 3 विकेट हासिल हुए। ब्लेयर टिकनर और मिचेल सैंटर के खाते में 1-1 विकेट आया।

Chandra Prakash Pandey

लेखक के बारे में

Chandra Prakash Pandey

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में स्पोर्ट्स सेक्शन के इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में करीब दो दशक का अनुभव रखने वाले चन्द्र प्रकाश को जटिल विषयों का सरल विश्लेषण करने में महारत हासिल है। बचपन में न्यूज के प्रति ऐसा प्रेम हुआ कि रात में रेडियो पर न्यूज बुलेटिन के दौरान पढ़ाई-लिखाई का अभिनय करते लेकिन कान और दिल-दिमाग ध्वनि तरंगों पर अटका रहता। तब क्या पता था कि आगे चलकर न्यूज की दुनिया में ही रचना-बसना है। रेडियो में कभी काम तो नहीं किया लेकिन उस विधा के कुछ दिग्गज प्रसारकों संग टीवी न्यूज की दुनिया में कदमताल जरूर किया। चन्द्र प्रकाश पाण्डेय ने टीवी पत्रकारिता से शुरुआत की। पेशे में पहला दशक टीवी न्यूज के ही नाम रहा जहां उन्होंने 'न्यूज24', 'श्री न्यूज', 'फोकस न्यूज', 'न्यूज वर्ल्ड इंडिया' और भोजपुरी न्यूज चैनल 'हमार टीवी' में अलग-अलग समय पर अलग-अलग भूमिकाएं निभाई। इस दौरान डेली न्यूज शो के साथ-साथ 'विनोद दुआ लाइव: आजाद आवाज' जैसे कुछ स्पेशल शो के लिए भी लेखन किया। अगस्त 2016 में उन्होंने 'नवभारत टाइम्स' के साथ डिजिटल जर्नलिज्म की दुनिया में कदम रखा। NBT में उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिक्स, जियोपॉलिटिक्स, क्राइम, स्पोर्ट्स, कोर्ट से जुड़ी खबरों का लेखन-संपादन किया। इस दौरान उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों समेत महत्वपूर्ण विषयों पर कई स्पेशल सीरीज भी लिखी जिनमें लीगल न्यूज एक्सप्लेनर्स 'हक की बात' की एक लंबी श्रृंखला भी शामिल है। मार्च 2025 से वह लाइव हिंदुस्तान में शब्दाक्षरों के चौके-छक्के जड़ रहे हैं।

चन्द्र प्रकाश पाण्डेय मूल रूप से यूपी के देवरिया के रहने वाले हैं। गांव की मिट्टी में पलते-बढ़ते, खेत-खलिहान में खेलते-कूदते इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई की। उसके बाद मैथमेटिक्स का छात्र 'राजनीति कला है या विज्ञान?' में उलझ गया। बी.ए. और बी. एड. की पढ़ाई के बाद पत्रकारिता की ओर रुझान बढ़ा और मॉस कम्यूनिकेशंस में मास्टर्स किया। अभी भी सीखने-समझने का सतत क्रम जारी है।

और पढ़ें
Cricket News लेटेस्ट मैच अपडेट Cricket Live Score, Cricket Schedule, और Cricket News in Hindi के लिए हमारे साथ जुड़े रहें। सभी बड़े मुकाबलों के पल-पल के अपडेट्स और देश-दुनिया की हर क्रिकेट खबर सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।