
इमरान खान की डगर पर शाहिद अफरीदी, राजनीति में एंट्री को लेकर पूर्व पाकिस्तानी कप्तान ने तोड़ी चुप्पी
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को राजनीति से जुड़ने से परहेज नहीं है। वह इस्लामाबाद में बस चुके हैं। उन्होंने अपने करियर में पाकिस्तान के लिए 500 से अधिक मैच खेले।
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी भविष्य में इमरान खान की डगर पर चल सकते हैं। उन्होंने राजनीति में एंट्री को लेकर चुप्पी चोड़ी है। 45 वर्षीय अफरीदी को राजनीति से जुड़ने से परहेज नहीं है लेकिन उनका अभी कोई प्लान नहीं। वह अब पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में बस चुके हैं। अफरीदी का जन्म पाकिस्तान के उत्तरी कबायली इलाके में हुआ था लेकिन पूर्व ऑलराउंडर ने बचपन से ही उन्होंने अपना पूरा जीवन कराची में बिताया।
अफरीदी ने शनिवार को जंग अखबार से इस्लामाबाद में बसने की पुष्टि की। जब उनसे जब पूछा गया कि क्या इसका कारण यह है कि वह अब राजनीति में शामिल होने के बारे में सोच रहे हैं तो उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल ऐसा नहीं। उन्होंने कहा, ''मैं पाकिस्तान को समृद्ध होते देखना चाहता हूं और मुझे लगता है कि यह तभी संभव है जब सरकार और अन्य महत्वपूर्ण संस्थाओं को अपना संवैधानिक कार्यकाल पूरा करने की अनुमति दी जाए।''
उन्होंने आगे कहा, ''पाकिस्तान और पाकिस्तानी क्रिकेट ने मुझे शोहरत, दौलत, सब कुछ दिया है। मैं निश्चित रूप से अपने देश के लिए कुछ करना चाहूंगा।'' अफरीदी ने अपने करियर में 27 टेस्ट, 398 वनडे और 99 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले। वह 1996 से 2016 तक एक्टिव रहे। वह पाकिस्तान के लिए 500 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले इकलौते क्रिकेटर हैं।
पाकिस्तान के क्रिकेटर्स का राजनीति में एंट्री करना कोई नई बात नहीं है। पूर्व कप्तान इमरान खान ने ना सिर्फ अपनी पार्टी बनाई बल्कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भी बने। पाकिस्तान को 1992 में वनडे वर्ल्ड कप जिताने वाले इमरान की पार्टी का नाम पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) है। वह 2023 से कई मामलों में जेल में हैं। इमरान के साथी सरफराज नवाज भी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी में शामिल हुए और कुछ समय के लिए खेल मंत्री भी रहे।






