
शाहीन अफरीदी की BBL डेब्यू पर हुई बेइज्जती, ऐसी गेंद डालने पर अंपायर को लेना पड़ा एक्शन- VIDEO
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी की बिग बैश लीग (BBL) में डेब्यू पर बेइज्जती हो गई। उन्हें अंपायर ने बीच ओवर में गेंदबाजी से रोक दिया। वह लीग में ब्रिस्बेन हीट का हिस्सा हैं।
ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग (बीबीएल) 2025-26 शुरू हो गई है। सोमवार को टूर्नामेंट के दूसरे मैच में मेलबर्न रेनेगेड्स और ब्रिस्बेन हीट का आमना-सामना हुआ। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी ब्रिस्बेन हीट का हिस्सा हैं। वह पहली बार बीबीएल में खेल रहे हैं। शाहीन की बीबीएल डेब्यू पर बेइज्जती हो गई। पेसर को अंपायर ने बीच ओवर में गेंदबाजी करने से रोक दिया। अंपायर ने यह एक्शन एक ओवर में दो बीमर डालने की वजह से लिया।
शाहीन को गेंदबाजी से हटाने की घटना रेनेगेड्स की पारी के 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर हुई। उन्होंने हाई फुल टॉस गेंद फेंकी, जिससे बाएं हाथ के ओलिवर पीक को बचने के लिए पीछा होना पड़ा। गेंद विकेटकीपर जिमी पियर्सन को भी छका गई। ऐसे में बल्लेबाजों को दो रन दौड़ने का मौका मिल गया। हालांकि, अफरीदी ने तुरंत माफी मांगी लेकिन मैदानी अंपायर ने ब्रिस्बेन हीट के कप्तान नाथन मैकस्वीनी से सलाह के बाद पाकिस्तानी गेंदबाज को बॉलिंग अटैक से हटा दिया।
मैकस्वीनी ने ओवर पूरा किया। शाहीन ने 2.4 ओवर के स्पेल में 43 रन लुटाए और कोई विकेट नहीं लिया। रेनेगेड्स ने पहले बैटिंग करने के बाद पांच विकेट पर 212 रन का मजबूत स्कोर बनाया। शाहीन की शुरुआत खराब रही। उन्होंने अपने पहले ओवर में नौ रन दिए, जिसमें टिम सीफर्ट ने दो चौके जमाए। इसके बाद, शाहीन 13वें ओवर में लौटे लेकिन पूरी तरह से लय में नहीं दिखे और 19 रन खर्च किए। वहीं, तेज गेंदबाज स्पेल के तीसरे ओवर में पूरी तरह से कंट्रोल खो बैठा।
देखें वीडियो…
बता दें कि शाहीन के पाकिस्तान टीम के साथी मोहम्मद रिजवान ने भी सोमवार को बीबीएल में डेब्यू किया लेकिन छाप नहीं छोड़ सके। रिजवान ने रेनेगेड्स के लिए तीन नंबर पर बैटिंग करते हुए 10 गेंदों पर महज चार रन बना पाए। उन्हें पैट्रिक डूली ने पवेलियन की राह दिखाई। रविवार को बाबर आजम का भी बीबीएल डेब्यू निराशाजनक रहा। उन्होंने सिडनी सिक्सर्स के लिए पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ पांच गेंदों पर सिर्फ दो रन बनाए।






