
मेरे दोस्त कोई भी दूसरी जर्सी...शाहरुख खान ने आंद्रे रसेल के IPL रिटायरमेंट पर क्या कुछ कहा?
शाहरुख खान ने आंद्रे रसेल के आईपीएल रिटायरमेंट पर रिएक्ट किया है। वह लंबे तक कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की ओर से खेले। रसेल आईपीएल 2026 में पावर कोच के रूप में नजर आएंगे।
वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को अलविदा कह दिया है। उन्होंने आईपीएल 2026 ऑक्शन से पहले यह फैसला लेकर सभी को चौंका दिया। रसेल आईपीएल 2014 से कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का अहम हिस्सा रहे हैं। रसेल ने भले ही बतौर प्लेयर आईपीएल से संन्यास ले लिया लेकिन वह तीन बार की विजेता केकेआर के कोचिंग स्टाफ में शामिल होंगे। वह 2026 में पावर कोच के रूप में दिखेंगे। 37 वर्षीय रसेल के रिटायरमेंट पर बॉलीवुड सुपरस्टार और केकेआर के मालिक शाहरुख खान ने रिएक्ट किया है। रसेल 2012 से आईपीएल का एक भी सत्र नहीं छोड़ा। वह शुरुआती दो सीजन में दिल्ली फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व करने के बाद 2014 से केकेआर से जुड़े।
शाहरुख ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' परर सेल की पोस्ट पर जवाब देते हुए लिखा, ''आंद्रे, शानदार यादों के लिए शुक्रिया। हमारे शानदार नाइट। केकेआर में आपका योगदान यादगार है। एक खिलाड़ी के तौर पर आपके शानदार सफर का एक और चैप्टर शुरू हो रहा है। पावर कोच- हमारे बैंगनी और सुनहरे रंग की जर्सी पहने खिलाड़ियों को ज्ञान, ताकत और बेशक पावर देते हुए। और हां, कोई भी दूसरी जर्सी आप पर अजीब लगेगी मेरे दोस्त। जिंदगी भर मसल रसेल। लव यू… टीम और खेल से प्यार करने वाले सभी लोगों की तरफ से।'' अपने बल्ले और गेंद से मैच का रुख किसी भी समय मोड़ने की क्षमता रखने वाले रसेल के नाम 140 आईपीएल मैचों में 174.18 की स्ट्राइक रेट से 2651 रन बनाएहै। उन्होंने 123 विकेट लिए।
रसेल ने आईपीएल रिटायरमेंट पर अपने बयान में कहा, ''मैंने आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया है। मैं अभी भी दुनिया भर की विभिन्न लीगों और केकेआर की अन्य सभी फ्रेंचाइजी के लिए सक्रिय रूप से खेलता रहूंगा। मैंने (आईपीएल में) कुछ शानदार पल और बेहतरीन यादें साझा कीं, छक्के जड़े, मैच जीते, एमवीपी हासिल किए।'' उन्होंने कहा, ''जब मैंने यह फैसला लिया, तो मुझे लगा कि इस समय यह सबसे अच्छा फैसला था। मैं अपने पीछे एक विरासत छोड़ना चाहता हूं कि प्रशंसक संन्यास क्यों नहीं ले रहे कि जगह संन्यास अभी क्यों ले रहे जैसे सवाल पूछे।''
रसेल ने आगे कहा, ''मेरे आईपीएल सफर के एक और अध्याय के बारे में मेरे और वेंकी मैसूर और शाहरुख खान के बीच काफी बातचीत हुई है। उन्होंने मुझे प्यार और सम्मान दिया है और मैदान पर मेरे काम की सराहना की है। एक परिचित प्रणाली में होना मेरे लिए बहुत मायने रखता है।’’ उन्होंने कहा, ''जब मैंने ‘पावर कोच’ नाम सुना, तो मुझे लगा कि यह आंद्रे रसेल का सबसे अच्छा वर्णन करता है, क्योंकि जब मैं बल्लेबाजी करता हूं तो मैं अपनी पूरी ताकत का इस्तेमाल करता हूं गेंद से भी प्रभावी प्रदर्शन करते रहा हूं ऐसे में मैं किसी भी विभाग में मदद कर सकता हूं।''






