शेफाली वर्मा को शतक लगाकर भी रहेगा इस बात का गम, इतिहास रचने से चूकीं
शेफाली वर्मा ने एशियन गेम्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ शतक 49 गेंदों पर पूरा किया। इसी के साथ वह संयुक्त रूप से भारत के लिए WT20I में सबसे तेज शतक जड़ने वाली बैटर बन गईं हैं।

भारतीय स्टार सलामी बैटर शेफाली वर्मा ने उस समय इतिहास रचा जब उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक जड़ा। शेफाली एशियन गेम्स के इतिहास में शतक जड़ने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गईं हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल में 49 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौकों और 9 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 100 रनों की नाबाद पारी खेली। शेफाली वर्मा ने अपना शतक तो पूरा किया, हालांकि उन्हें गम रहेगा कि वह भारत के लिए सबसे तेज टी20 शतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम करने से चूक गईं।
शेफाली वर्मा ने की हरमनप्रीत कौर की बराबरी
शेफाली वर्मा ने 49 गेंदों पर सेंचुरी पूरी कर हरमनप्रीत कौर की बराबरी कर ली हैं, अब यह दोनों संयुक्त रूप से भारत के लिए सबसे तेज शतक जड़ने वाली महिला क्रिकेटर हैं। हरमनप्रीत कौर ने 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ इतनी ही गेंदों पर सेंचुरी जड़ी थी। शेफाली वर्मा के पास उनका यह रिकॉर्ड तोड़ने का मौका था, मगर वह शतक के करीब पहुंचकर धीमी हो गईं।
शेफाली वर्मा ने आखिरी सिक्स 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर लगाया था, तब वह 42 गेंदों पर 93 के निजी स्कोर पर पहुंच गई थ। आखिरी 7 रन बनाने के लिए उन्होंने 7 गेंदें ली और पारी की आखिरी गेंद पर जाकर शतक पूरा किया। अगर शेफाली उसी रफ्तार में खेलती रहती तो वह यह रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती थी।
भारत के लिए विमेंस टी20 में सबसे तेज शतक
हरमनप्रीत कौर- 49 गेंदें
शेफाली वर्मा- 49 गेंदें
विमेंस टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डॉटिन के नाम है, जिन्होंने 2010 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 38 गेंदों पर सेंचुरी ठोकी थी। उनके अलावा कोई बैटर 40 से कम गेंदों में अभी तक यह कमाल नहीं कर पाईं हैं। देखें पूरी लिस्ट
महिलाओं के T20I में सबसे तेज़ शतक (गेंदों के हिसाब से)
38 - डिएंड्रा डॉटिन (WI-W) बनाम SA-W, सेंट किट्स, 2010
46 - एलिसा हीली (AUS-W) बनाम SL-W, नॉर्थ सिडनी, 2019
47 - टैमी ब्यूमोंट (ENG-W) बनाम SA-W, टॉन्टन, 2018
47 - लॉरा वोल्वार्ड्ट (SA-W) बनाम IND-W, जोहान्सबर्ग, 2026
47 - आयशा ज़फ़र (PAK-W) बनाम ZIM-W, कराची, 2026
49 - शैफाली वर्मा (IND-W) बनाम BAN-W, निशिन, 2026
49 - हरमनप्रीत कौर (IND-W) बनाम NZ-W, प्रोविडेंस, 2018
शेफाली वर्मा के इस शतक के दम पर भारत ने बंग्लादेश के सामने सेमीफाइनल में जीत के लिए 195 रनों का मुश्किल टारगेट रखा है।
श्रीलंका ने इससे पहले पाकिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बना ली है।



