Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Senuran Muthusamy and Kagiso Rabada fifty help South Africa to make come back at the end of Day 3 in Rawalpindi
दूसरे टेस्ट में रबाडा की फिफ्टी से दक्षिण अफ्रीका ने की वापसी, पाकिस्तान ने दूसरी पारी में गंवाए 4 विकेट

दूसरे टेस्ट में रबाडा की फिफ्टी से दक्षिण अफ्रीका ने की वापसी, पाकिस्तान ने दूसरी पारी में गंवाए 4 विकेट

संक्षेप: दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन स्टंप के समय पाकिस्तान की दूसरी पारी में 94 रन के स्कोर पर चार विकेट झटक कर मैच पर अपनी मजबूत पकड़ बना ली हैं। बाबर आजम (नाबाद 49) और मोहम्मद रिजवान (नाबाद 16) क्रीज पर मौजूद हैं।

Wed, 22 Oct 2025 08:21 PMHimanshu Singh Varta
share Share
Follow Us on

कागिसो रबाडा और सेनुराम मुथुसामी ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े, जिससे दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट के तीसरे दिन यागदार वापसी करते हुए दबदबा बनाया। बुधवार को चार विकेट पर 185 रन से आगे खेलने उतरे दक्षिण अफ्रीका ने 235 रन पर आठ विकेट गंवा दिए थे लेकिन टीम पहली पारी में 404 रन बनाकर 71 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करने में सफल रही।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मुथुसामी ने 155 गेंद में आठ चौकों की मदद से नाबाद 89 रन की पारी खेलने के अलावा केशव महाराज (30) के साथ नौवें विकेट के लिए 71 और पहला टेस्ट अर्धशतक जड़ने वाले रबाडा (71 रन, 61 गेंद, चार छक्के, चार चौके) के साथ अंतिम विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी की। पाकिस्तान के बाएं हाथ के स्पिनर आसिफ अफरीदी ने छह विकेट चटकाए और पदार्पण टेस्ट में पांच विकेट हासिल करने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर बने। वह 38 साल के हैं।

पहली पारी में 333 रन बनाने वाले पाकिस्तान इसके बाद दूसरी पारी में चार विकेट पर 94 रन बनाकर संघर्ष कर रहा है। मेजबान टीम को 23 रन की बढ़त हासिल है। दिन का खेल खत्म होने पर बाबर आजम 49 जबकि मोहम्मद रिजवान 16 रन बनाकर खेल रहे थे। दक्षिण अफ्रीका के लिए दूसरी पारी में ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर 26 रन देकर तीन विकेट चटका चुके हैं।

इससे पहले मुथुसामी ने महाराज और रबाडा के साथ क्रमश: नौवें और 10वें विकेट के लिए उम्दा साझेदारी करके दक्षिण अफ्रीका को जोरदार वापसी दिलाई। टेस्ट मुकाबलों में यह दूसरा मौका है जब किसी पारी में नौवें और 10वें दोनों विकेट की साझेदारी 50 रन से अधिक की हुई है।

ये भी पढ़ें:14 साल बाद जिम्बाब्वे को घर पर मिली जीत, अफगानिस्तान को पारी और 73 रनों से हराया

अफरीदी पदार्पण टेस्ट में पांच या इससे अधिक विकेट चटकाने वाले पाकिस्तान के छठे स्पिनर बने। इससे पहले मोहम्मद नजीर, शाहिद अफरीदी, बिलाल आसिफ, नोमान अली और अबरार अहमद के नाम यह उपलब्धि है। अफरीदी ने दिन की चौथी ही गेंद पर काइल वेरेने (10) को पवेलियन भेजा। ट्रिस्टन स्टब्स (76) अपने कल के स्कोर में सिर्फ आठ रन जोड़ने के बाद अफरीदी की गेंद पर पगबाधा हुए। अफरीदी ने हार्मर (02) को पगबाधा करके पांचवां विकेट हासिल किया।

Himanshu Singh

लेखक के बारे में

Himanshu Singh
हिमांशु सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें हिंदी पत्रकारिता में करीब 6 साल का अनुभव है। इन्होंने अपनी पत्रकारिता की पढ़ाई आईएमएस (नोएडा) से की है। 2017 में पंचायती टाइम्स वेबसाइट में बतौर ट्रेनी खेल पत्रकारिता का पहला अनुभव हासिल किया। 2018 में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के तौर पर ईटीवी से जुड़े। यहां पर करीब तीन साल काम करने के बाद इनसाइडस्पोर्ट्स से जुड़े। यहां पर एक साल तक रहे। इसके बाद 2022 में लाइव हिन्दुस्तान के साथ बतौर सीनियर कंटेंट राइटर अपनी पारी शुरू की। अपने करियर के दौरान हिमांशु ने ओलंपिक गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, आईपीएल, क्रिकेट वर्ल्ड कप जैसे तमाम बड़े इवेंट्स कवर किए हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट क्रिकेट न्यूज, Cricket Live score, Asia Cup Schedule, Asia cup Points Table वाले खिलाड़ियों की जानकारी हिंदी में हिंदुस्तान पर |