अजीत अगरकर का कार्यकाल समय से पहले समाप्त, इन्हें दी गई है चीफ सिलेक्टर की जिम्मेदारी!
अजीत अगरकर के बाद चीफ सिलेक्टर की कुर्सी कौन संभालने वाला है? इसका जवाब फिलहाल के लिए अंतरिम तौर पर यह है कि सिलेक्शन कमिटी के मौजूदा सदस्य प्रज्ञान ओझा को यह जिम्मेदारी दी गई है।

अजीत अगरकर भले ही 4 अक्टूबर तक टीम इंडिया के चीफ सिलेक्टर हैं, लेकिन फिर भी वह गुवाहटी में टीम इंडिया की सिलेक्शन कमिटी की मीटिंग का हिस्सा नहीं हैं। अभी उनका करार खत्म होने में समय है, लेकिन इससे पहले ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई उनसे आगे बढ़ चुका है। जिस दिग्गज को अजीत अगरकर की कुर्सी फिलहाल के लिए सौंपी जा रही है, वह पहले से ही सिलेक्शन कमिटी का हिस्सा है। ये कोई और नहीं, बल्कि पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा हैं।
अंतरिम तौर पर प्रज्ञान ओझा को सिलेक्शन कमिटी के हेड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यही वजह है कि मंगलवार 29 सितंबर को गुवाहटी में हुई सिलेक्शन कमिटी की मीटिंग को उन्होंने हेड किया। अगरकर इस मीटिंग का किसी भी तरह से हिस्सा नहीं थे। आज यानी 30 सितंबर को दूसरे वनडे मैच के दौरान भी सभी सिलेक्टर स्टेडियम में मौजूद होंगे, क्योंकि न्यूजीलैंड के आगामी दौरे के लिए रूप रेखा तैयार होनी है। प्रज्ञान ओझा अभी के लिए अंतरिम तौर पर चीफ सिलेक्टर हैं, लेकिन वह परमानेंट भी इस पद पर विराजमान हो सकते हैं।
प्रज्ञान ओझा हैं सबसे सीनियर प्लेयर
क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें तो प्रज्ञान ओझा चेयरमैन पद के उम्मीदवार के तौर पर सामने आए थे। यहां तक कि 40 साल के इस पूर्व भारतीय स्पिनर को सिलेक्शन कमिटी का चेयरमैन के तौर पर चार्ज लेने के लिए कहा गया है। हालांकि, अभी के लिए व्यवस्था कुछ समय के लिए है, लेकिन उनके फुलटाइम ये पद दिया जा सकता है। टेस्ट खेलने के मामले में प्रज्ञान ओझा बाकी मौजूदा चार सिलेक्टर्स में सबसे सीनियर हैं। यही वजह है कि वह इस पद को संभालने के लिए नैचुरल चॉइस हैं। अनुभव के मामले में शिव सुंदर दास ने 23 टेस्ट खेले हैं, आरपी सिंह ने 14 और अजय रात्रा ने 6 टेस्ट मैच खेले हैं। ओझा को 24 टेस्ट मैचों का अनुभव है।
'बीसीसीआई में क्या हो जाए, पता नहीं'
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह अरेंजमेंट लॉन्ग टर्म है या सिर्फ कुछ समय के लिए? इसका जवाब तभी मिलेगी, जब नया सिलेक्टर सिलेक्शन कमिटी को जॉइन करेगा। अगर पार्थिव पटेल अजीत अगरकर की जगह आते हैं तो संभावना है कि वह चेयरमैन भी होंगे, लेकिन अलग सिचुएशन में प्रज्ञान ओझा ही सिलेक्शन कमिटी के हेड बने रह सकते हैं। क्रिकबज को एक सूत्र ने बताया, “आपको कभी नहीं पता कि BCCI में क्या हो जाए, लेकिन ओझा सभी के लिए एक एक्सेप्टेबल कैंडिडेट लगते हैं।”



