
सिलेक्टर्स क्यों नहीं कर पाए ऋषभ पंत को वनडे टीम से बाहर? आखिरकार सामने आ गई चौंकाने वाली वजह
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन नहीं हुआ था, तब तक इस तरह की चर्चा थी कि ईशान किशन को ऋषभ पंत की जगह बैकअप विकेटकीपर के तौर पर वनडे टीम में शामिल किया जा सकता है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान होना था, लेकिन इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया था कि ऋषभ पंत को वनडे टीम से बाहर किया जा सकता है। दावा था कि ऋषभ पंत की जगह दमदार फॉर्म में चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को बैकअप विकेटकीपर के तौर पर वनडे टीम में भी शामिल किया जा सकता है, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भी चुने जा चुके हैं और न्यूजीलैंड के खिलाफ इसी महीने होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं। हालांकि, एक चीज थी, जिसकी वजह से चयन समिति को ऋषभ पंत के साथ बने रहने के लिए विवश होना पड़ा।
सूत्रों ने क्रिकबज को बताया है कि ऋषभ पंत की जगह खतरे में नहीं थी, भले ही टीम में ईशान किशन को शामिल करने की अटकलें और मीडिया रिपोर्ट्स थीं। बहस यह है कि उनके रिप्लेसमेंट का कोई मामला नहीं था, क्योंकि उन्हें ODI खेलने का मौका नहीं मिला। इसमें फेल होना तो दूर की बात है। इसके अलावा, ऐसा लगता है कि पंत ने घरेलू क्रिकेट के प्रति अपने कमिटमेंट के लिए सिलेक्टर्स से तारीफें बटोरी हैं। वह अभी विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली की कप्तानी कर रहे हैं।
शायद चयन समिति ने पंत को लेकर एक चीज सही पाई है, वह यह है कि कुछ दूसरे इंटरनेशनल खिलाड़ियों के उलट, जिन्होंने कुछ ही घरेलू मैच खेले हैं, पंत अपनी स्टेट टीम के साथ बने हुए हैं और अब तक सभी VHT मैचों में खेले हैं। उन्होंने दो हाफ-सेंचुरी भी बनाई हैं। जब ऋषभ पंत चोटिल नहीं थे, तो वे टीम का हिस्सा थे। पिछले करीब 16 महीनों से वे भारत की वनडे टीम के साथ ट्रेवल कर रहे हैं, लेकिन केएल राहुल को उनसे बेहतर विकल्प विकेटकीपर बैटर के तौर पर माना गया है। आखिरी वनडे मैच ऋषभ पंत ने अगस्त 2024 में खेला था। 16 महीने से वे टीम के साथ हैं, लेकिन एक भी वनडे इंटरनेशनल मैच नहीं खेले। हालांकि, मौजूदा सीरीज में कम से कम पहले मैच में खेलने का मौका उन्हें मिल सकता है, लेकिन ये तभी संभव होगा, जब श्रेयस अय्यर पहले मैच के लिए उपलब्ध न हों।






