स्कॉटलैंड का WT20 वर्ल्ड कप 2026 से कटा पत्ता, न्यूजीलैंड की सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा
स्कॉटलैंड का महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 से पत्ता कट गया है। न्यूजीलैंड की सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा हैं। न्यूजीलैंड ने स्कॉटलैंड पर छह विकेट से जीत दर्ज की।

कप्तान मेली केर के फिरकी के जादू के बाद इजी शार्प के अर्धशतक से गत चैंपियन न्यूजीलैंड ने मंगलवार को ब्रिस्टल में आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 'करो या मरो' के ग्रुप दो मुकाबले में स्कॉटलैंड को छह विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा। श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ हार के बाद टूर्नामेंट से जल्द बाहर होने का खतरा झेल रहे न्यूजीलैंड ने 132 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 26 रन तक तीन विकेट गंवा दिए थे।
स्कॉटलैंड टीम का कटा पत्ता
शार्प (62 रन, 43 गेंद, आठ चौके, एक छक्का) ने हालांकि अर्धशतक जड़ने के अलावा ब्रूक हैलीडे (नाबाद 41, 38 गेंद, तीन चौके) के साथ चौथे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी करके 18.2 ओवर में टीम का स्कोर चार विकेट पर 132 रन तक पहुंचाकर उसे जीत दिलाई। इस जीत से न्यूजीलैंड की टीम चार मैच में दो जीत और दो हार से चार अंक के साथ अंक तालिका में इंग्लैंड (06 अंक) और वेस्टइंडीज (06) के बाद तीसरे स्थान पर है। स्कॉटलैंड के चार मैचों में केवल दो अंक हैं और टीम लगातार तीसरा मुकाबला हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। अब तक चार टीमें बाहर चुकी हैं।
डार्सी ने टिककर बैटिंग की
स्कॉटलैंड की ओर से कैथरीन ब्राइस (13 रन पर दो विकेट) और राशेल स्लेटर (22 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट चटकाए। स्कॉटलैंड ने इससे पहले युवा सलामी बल्लेबाज डार्सी कार्टर के नाबाद अर्धशतक से सात विकेट पर 131 रन बनाए। डार्सी ने 52 गेंद में आठ चौकों और एक छक्के से नाबाद 72 रन की पारी खेलने के अलावा साथी सलामी बल्लेबाज कैथरीन फ्रेजर (07) के साथ पहले विकेट के लिए 51 और सारा ब्राइस (25) के साथ तीसरे विकेट के लिए 38 रन की साझेदारी की। न्यूजीलैंड की ओर से मेली सबसे सफल गेंदबाजी रहीं जिन्होंने अपनी लेग स्पिन से 17 रन देकर तीन विकेट चटकाए। सोफी डिवाइन ने भी 19 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
न्यूजीलैंड ने चुनी थी बॉलिंग
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद डार्सी ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। उन्होंने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 51 रन जोड़े जिसमें फ्रेजर का योगदान सिर्फ सात रन का रहा। लिया ताहुहु (19 रन पर एक विकेट) ने फ्रेजर को सूजी बेट्स के हाथों कैच कराके अपना 100वां टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट हासिल किया। मेली ने इसके बाद विरोधी कप्तान कैथरीन ब्राइस (05) को आउट किया। डार्सी और सारा ने पारी को संभाला। डिवाइन ने सारा को पगबाधा करके इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने 22 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके मारे। डार्सी ने जेस केर पर एक रन के साथ 37 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। मेली ने 19वां ओवर मडन डालने के अलावा प्रियानाज चटर्जी (12) और पिपा स्प्रोल (00) के विकेट भी चटकाए।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



