सरफराज खान को भारतीय टीम में लाने वाला ये सोच रहा, पूर्व क्रिकेटर बोला- उसको मेरा सलाम
सरफराज खान ने करीब साल के इंतजार के बाद भारतीय टेस्ट टीम में वापसी की। उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए रिप्लेसमेंट के रूप में चुना गया। सरफराज के कमबैक का फैसला लेने वाले को मोहम्मद कैफ ने सलाम किया।

हाल ही में सरफराज खान की बंद किस्मत का ताला खुला। उनकी लंबे अरसे के बाद भारतीय टीम में वापसी हुई। सरफराज को चोटिल साई सुदर्शन की जगह श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया गया। युवा बल्लेबाज सुदर्शन को पैर के अंगूठे की चोट से उबर नहीं पाने के कारण श्रीलंका दौरे से बाहर होना पड़ा। मुंबई के बल्लेबाज सरफराज ने भारत के लिए पिछला टेस्ट नवंबर 2024 में खेला था। वह 2024-25 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय टीम का हिस्सा थे लेकिन प्लेइंग 11 में मौका नहीं मिला। भारत के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने सरफार के कमबैक को एक अच्छा फैसला कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरफराज परफॉर्मेंस के कारण भारतीय टीम से बाहर नहीं हुए थे।
'जिसने ये फैसला लिया, उसे सलाम'
कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ''सरफराज खान का कमबैक क्यों इतने समय से नहीं हो पाया था। वह क्यों लगातार नहीं खेल पाए। क्योंकि उनका ड्रॉप किया गया। क्या उसका पहले कारण बताया गया था। पुरानी बातें छोड़िए। मैं यह कहना चाह रहा हूं कि जिसने भी यह फैसला लिया कि सरफराज का नाम आना चाहिए, काफी विचार किया होगा। चाहे बीसीसीआई हो, सिलेक्टर्स हो, कोच हो या कप्तान हैं, जिसने भी यह बोला कि सरफराज की वापसी होने चाहिए क्योंकि श्रीलंका में स्पिन फ्रैंडली पिच मिल सकती है, वह स्पिन अच्छा खेलते हैं और उनका भारत को जिताने में योगदान हो सकता है। जिसने भी इस लाइन पर बात की होगी, उसको मेरा सलाम है।''
'वो भारतीय क्रिकेट के लिए सोच रहा है'
उन्होंने आगे कहा, ''पीछे जो बातें हो गईं, उन्हें हटाओ। भारत के क्रिकेट पर असर नहीं पड़ना चाहिए। निर्णय ऐसा होना चाहिए कि भारतीय टीम जीतती रही, अग्रसर रहे और डोमिनेट करे। किसी ना किसी ने तो सरफराज का नाम लिया होगा। कोई कारण था, जिसकी वजह से उन्हें नहीं खिलाया गया। परफॉर्मेंस तो कारण नहीं था कि रन नहीं बने रहे या बल्ला नहीं चल रहा। जिसने भी यह बोला कि सरफराज की वापसी करानी चाहिए, वो भारत और भारतीय क्रिकेट के लिए सोच रहा है।'' 28 वर्षीय सरफराज ने अब तक भारत के लिए 6 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें 37.10 के औसत से 371 रन बनाए। उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतकीय पारियां निकलीं। उन्होंने फरवरी 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उनके पास स्ट्रोक की बेहतर रेंज है, जिसमें पारंपरिक और रिवर्स स्वीप भी शामिल हैं।



