सरफराज फिर से टीम इंडिया में आने का हकदार... क्या अजहरुद्दीन की गुजारिश पर कान धरेंगे अगरकर?
मोहम्मद अजहरुद्दीन ने चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर से सरफराज खान को फिर से टीम इंडिया में चांस देने की गुजारिश की है। 28 वर्षीय बल्लेबाज सरफराज नवंबर 2024 से भारत के लिए नहीं खेले हैं।

मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए आखिरी मैच नवंबर 2024 में खेला था। हालांकि, मुंबई उनका घरेलू क्रिकेट में बल्ला खूब बोल रहा है। वह अपना वजन भी कम कर चुके हैं। उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में 157, 55 और 62 रनों की पारी खेली जबकि रणजी ट्रॉफी में हैदराबाद के खिलाफ दोहरा शतक (227) जमाया। वह लगातार सिलेक्टर्स का दरवाजा खटखटा रहे हैं लेकिन निराशा ही हाथ मिली। इस बीच पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन 28 वर्षीय क्रिकेटर के सपोर्ट में आगे आए हैं। उन्होंने अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति से खास गुजारिश की। अजहरुद्दीन ने कहा कि सरफराज को फिर से टीम इंडिया की ओर से खेलना का चांस देना चाहिए।
सरफराज ने हाल ही में एक इंटरव्यू में रिवर्स-स्विंग के खिलाफ ट्रेनिंग में मदद करने का क्रेडिट अजहरुद्दीन को दिया। द स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट की रिपोर्ट के अनुसार मुंबई के बल्लेबाज ने अजहरुद्दीन से मिलने के लिए लगभग 45 मिनट तक इंतजार किया। अजहरुद्दीन उस समय अपॉइंटमेंट्स खत्म करने में बिजी थे। पूर्व कप्तान ने स्पोर्टस्टार से कहा, ''सरफराज खेला और उसने रन बनाए। सारी तारीफ उसकी होनी चाहिए। मैं बहुत शुक्रगुजार हूं कि उसने मेरा नाम लिया, लेकिन इसकी जरूरत नहीं थी। जब तक वह रन बनाएगा और सफल होगा मैं खुश हूं। यह सबसे अच्छा तोहफा होगा जो वह मुझे दे सकता है।''

अजहरुद्दीन ने कहा, ''सरफराज एक अच्छा अटैकिंग प्लेयर है जो गेम की सिचुएशन बहुत जल्दी बदल सकता है। उसे बॉलर का दबदबा पसंद नहीं है। एक बल्लेबाज के तौर पर आपको रन बनाने होते हैं। अगर आप एक अच्छे बॉलर को हावी होने देते हैं तो आप मुश्किल में पड़ जाते हैं। मुझे नहीं पता कि पिच कैसी थी, लेकिन मेरा मानना है कि बॉल स्विंग हो रही थी और बाउंस में बदलाव हो रहा था। इसलिए उसका अच्छे रेट से रन बनाना उसकी क्वालिटी दिखाता है।'' सरफराज की रनों की भूख और कभी हार न मानने वाले एटीट्यूड ने पूर्व बल्लेबाज को बेहद प्रभावित किया है। उन्होंने साथ ही चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर से आग्रह किया कि सरफराज को भारत के लिए सफेद जर्सी पहनने का एक और मौका मिलना चाहिए। फरवरी 2024 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले सरफराज ने छह टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतकीय पारियां हैं।
पूर्व कप्तान ने कहा, ''वह सीखना चाहता है। भारत के लिए खेलने और रन बनाने के बावजूद वह अब भी सीखना चाहता है। यह बहुत अच्छा संकेत है। कोई भी परफेक्ट नहीं होता। जब मैं संघर्ष कर रहा था तो जहीर अब्बास ने बताया कि मुझे खुद में क्या और कैसे बदलना है। उन्होंने मुझे फास्ट बॉलिंग और स्विंग बॉलिंग खेलना सिखाया। सरफराज इंडिया के लिए खेलने का एक और मौका पाने का हकदार है। उसने हर जगह रन बनाए हैं और इंडिया को अच्छे अटैकिंग प्लेयर्स की जरूरत है। अगर आप रन बना रहे हैं लेकिन फिर भी आपको मौका नहीं मिलता तो यह बहुत निराशाजनक होता है। लेकिन मुझे यकीन है कि उसे यह बहुत जल्द मिलेगा।''

लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय





