संजू सैमसन ने काटा गदर, T20I में ठोकी अपनी सबसे तेज फिफ्टी; रोहित शर्मा के खास क्लब में एंट्री
Sanju Samson Fifty: संजू सैमसन ने भारत बनाम अफगानिस्तान दूसरे टी20 में शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। भारत ने तीन मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन फॉर्म में लौट आए हैं। उन्होंने मंगलवार को अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में गदर काटते हुए तूफानी अर्धशतक जमाया। सैमसन ने बतौर ओपनर उतरने के बाद 22 गेंदों में 7 चौकों और चार छक्कों की मदद से 57 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 259.09 का रहा। उन्होंने महज 20 गेंदों में टी20 इंटरनेशनल करियर का सातवां अर्धशतक कंप्लीट किया। यह सैमसन की T20I में सबसे तेज फिफ्टी है। 30 वर्षीय क्रिकेटर ने भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे। हालांकि, वर्ल्ड कप के बाद सैमसन लगातार पांच T20I मैचों में 30 का आंकड़ा भी नहीं छू सके, जिसमें दो बार सिंगिल डिजिट में हुए और एक बार खाता नहीं खुला। उन्होंने भारत बनाम अफगानिस्तान पहले टी20 में 8 गेंदों में 10 रन बनाए थे।
सैमसन की रोहित शर्मा के खास क्लब में एंट्री
सैमसन ने दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा के एक खास क्लब में एंट्री की है। वह T20I में भारत के लिए बतौर ओपनर एक हजार या उससे अधिक रन बनाने वाले पांचवें प्लेयर बन गए हैं। सैमसन के खाते में फिलहाल 1026 रन हैं। 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित 3750 रनों के साथ लिस्ट में शीर्ष पर हैं। वह टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं और भारत के लिए सिर्फ वनडे क्रिकेट में एक्टिव हैं। वहीं, सैमसन T20I में 200 प्लस स्ट्राइक रेट के साथ सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर बनाने वाले भारतीयों की लिस्ट में संयुक्त रूप से चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने चौथी मर्तबा ऐसा किया है। उनके अलावा रोहित, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने चार-चार बार यह कमाल किया है। इन पांचों से आगे युवराज सिंह (5), अभिषेक शर्मा (10) और सूर्यकुमार यादव (13 बार) हैं।
T20I में भारत के लिए बतौर ओपनर 1000+ रन
3750 - रोहित शर्मा
1826 - केएल राहुल
1759 - शिखर धवन
1726 - अभिषेक शर्मा
1026 - संजू सैमसन
संजु सैमसन बने राशिद खान का शिकार
भारत ने दूसरे टी20 में 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 14.5 ओवर में सात विकेट से विजयी परचम फहराया और तीन मैचों की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल की। सैमसन और अभिषेक शर्मा (19 गेंदों में 38) ने 88 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की। दोनों स्पिनर राशिद खान ने सातवें ओवर में आउट किया। अभिषेक ने ओवर की दूसरी गेंद पर सेदिकुल्लाह अटल को कैच दिया। सैमसन ने चौथी गेंद पर चौका लगाकर पचासा पूरा किया। उन्होंने अगली गेंद पर छक्का लगाया। सैमसन आखिरी गेंद पर भी हवाई फायर करना चाहते थे लेकिन बाउंड्री पर नबी को कैच थमा दिया। ईशान किशन ने 23 गेंदों में नाबाद 38 रन बनाए। तिलक वर्मा 14 गेंदों में 15 रन बनाकर नाबाद रहे। कप्तान श्रेयस अय्यर (11 गेंदों में 11) सस्ते में आउट हुए।



