
T20 WC से पहले संजू सैमसन का कट सकता है टीम इंडिया से पत्ता, जगह बचने के हैं अब सिर्फ 2 मौके
संजू सैमसन का टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन से पत्ता कट सकता है। इस ओपनर के पास जगह बचने के अब सिर्फ दो मौके बचे हैं। इन मौकों को अगर सैमसन ने नहीं भुनाया तो फिर उनका प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप होना तय लग रहा है।
T20 World Cup 2026 के लिए सिलेक्टर्स ने शुभमन गिल को इसलिए ड्रॉप किया था, क्योंकि वे ओपनर के तौर पर रन नहीं बना पा रहे थे। सिलेक्टर्स ने अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की ओपनिंग जोड़ी पर भरोसा कायम रखा और कॉम्बिनेशन का हवाला देकर गिल को बाहर कर दिया। उनकी जगह ईशान किशन को सिलेक्शन कमिटी लेकर आई, जो बैकअप ओपनर और बैकअप विकेटकीपर का ऑप्शन थे। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में परिस्थितियां अलग बन गईं और ऐसे में सैमसन की जगह पर संकट छा गया।
दरअसल, तिलक वर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के पहले तीन मैचों से बाहर हो गए। ऐसे में नंबर 3 पर ईशान किशन को मौका दिया गया, जो कि टी20 विश्व कप के लिए भी चुने गए हैं। तिलक वर्मा की जगह टीम में आए श्रेयस अय्यर को बाहर बैठना पड़ा। उधर, पहले तीन मैचों में संजू सैमसन ओपनर के तौर पर बुरी तरह फेल हुए, जबकि नंबर 3 पर खेलने वाले ईशान किशन ने धमाल मचाया। पहले मैच में वे जरूर जल्दी आउट हो गए थे, लेकिन दूसरे मैच में 76 रनों की पारी उन्होंने खेली और तीसरे मैच में ताबड़तोड़ 28 रन उन्होंने जड़े, जबकि सैमसन कुल 16 रन सीरीज में जोड़ पाए हैं।
संजू सैमसन पहले मैच में 7 गेंदों में 10 रन, दूसरे मैच में 5 गेंदों में 6 रन और तीसरे मैच में खाता तक नहीं खोल पाए। ऐसे में उनकी जगह खतरे में है। हालांकि, अब उनको दो और जीवनदान मिल गए हैं, क्योंकि अब रिपोर्ट ये सामने आई है कि ईशान किशन आगे भी इस सीरीज में नंबर 3 पर खेलेंगे, क्योंकि तिलक वर्मा फिट हो गए हैं, लेकिन वे सीधे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया से जुड़ेंगे। ऐसे में दो और मौके ईशान किशन को नंबर 3 पर और संजू सैमसन को ओपनर के तौर पर मिलने वाले हैं। अगर सैमसन बाकी बचे दो मैचों में फेल हुए तो फिर टी20 विश्व कप में हमें एक नई जोड़ी मैदान पर देखने को मिल सकती है, जो संभावित तौर पर अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की जोड़ी होगी, जबकि भारत के टॉप रैंकिंग बैटर्स में शामिल तिलक वर्मा सीधे नंबर 3 पर खेलेंगे।






