
संजू सैमसन को प्लेइंग 11 से किया बाहर तो गंभीर और गिल पर बरसे फैंस, लिखा- क्रिकेट हारा और…
संजू सैमसन को साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच से बाहर रखा गया। ऐसे में फैंस ने गौतम गंभीर और शुभमन गिल की क्लास लगाई है, जो कि इस समय टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में ओपनिंग कर रहे हैं।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ कटक के मैदान पर टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में संजू सैमसन नहीं थे। ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर भी उनको कम मौके मिले। संजू सैमसन को शुभमन गिल की वजह से मिडिल ऑर्डर में धकेला गया था, लेकिन वहां उनसे ज्यादा रन नहीं बने तो उनको प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप कर दिया गया। वहीं, जब शुभमन गिल पहले टी20 मैच में फेल हुए तो फिर फैंस ने न सिर्फ शुभमन गिल की क्लास लगाई, बल्कि कोच गौतम गंभीर को भी आड़े हाथों लिया, जिन्होंने कोच बनने से पहले और कोच बनने के बाद संजू सैमसन की जमकर तारीफ की थी।
कटक में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में शुभमन गिल दूसरी गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद सोशल मीडिया पर जमकर उनकी खिंचाई हुई। फैंस गिल और सैमसन के आंकडे़ शेयर करने लगे। आंकड़ों को देखा जाए तो शुभमन गिल 2023 के बाद से ओपनर के तौर पर भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। टॉप 5 ओपनर्स में वे आखिरी पायदान पर हैं। उनका औसत और स्ट्राइक रेट भी अच्छा नहीं हैं, जिसकी वजह से फैंस शुभमन गिल और कोच गौतम गंभीर पर भड़क रहे हैं। चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर को भी फैंस खूब सुना रहे हैं।
एक यूजर ने एक्स पर लिखा, “राजनीति जीती, क्रिकेट हार गया। पॉलिटिशियन गौतम गंभीर और वैकेशनमैन अजीत अगरकर ने संजू सैमसन का करियर बर्बाद कर दिया है। पहले, उन्होंने संजू को ओपनिंग से हटाया और फिर, उन्हें टीम से बाहर कर दिया और अगली सीरीज में वे उन्हें स्क्वाड से भी हटा देंगे।”
एक अन्य यूजर ने गंभीर और गिल दोनों को लपेटे में लेते हुए तंज कसा और लिखा, "गौतम गंभीर ने इस फ्लॉप T20 प्लेयर शुभमन गिल के लिए संजू सैमसन को टीम से बाहर कर दिया।"
एक और यूजर गिल और गंभीर पर तंज कसते हुए लिखता है, "संजू सैमसन लगातार अच्छा प्रदर्शन नहीं करते थे, लेकिन शुभमन गिल भारत को स्थिरता देते हैं।"
ध्रुव ठाकुर लिखते हैं, "3 सेंचुरी बनाने के बाद T20I से बाहर कर दिया गया। सीरीज डिसाइडर में सेंचुरी बनाने के बाद ODI से बाहर कर दिया गया। वे उसे टेस्ट क्रिकेट के लिए तो सोचते भी नहीं हैं। संजू सैमसन के खिलाफ BCCI की ये गंदी राजनीति है।"
सैमसन को लेकर गौतम गंभीर के ट्वीट्स को शेयर करते हुए विपिन तिवारी ने लिखा, "जब भी मैं गौतम गंभीर की कोचिंग में संजू सैमसन को टीम से बाहर होते देखता हूं, तो मेरे दिमाग में तुरंत वे सभी ट्वीट याद आ जाते हैं जो उन्होंने पोस्ट किए थे।"
बता दें कि संजू सैमसन ने भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कुछ ही समय में तीन शतक जड़े थे। इसके बाद जब शुभमन गिल की वापसी एशिया कप 2025 के लिए टीम में हुई तो सैमसन से ओपनिंग स्लॉट छीन लिया गया। गिल ओपनर के तौर पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए, जबकि सैमसन ने मध्य क्रम में एकाध अच्छी पारी खेली, लेकिन फिर भी सैमसन को प्रमोट नहीं किया गया और उनको प्लेइंग इलेवन से ही बाहर कर दिया गया।






