सैमसन ने फाइनल में शतक से चूकने के बावजूद रचा इतिहास, कोहली लिस्ट में बहुत पीछे छूट गए
Sanju Samson IND vs NZ Final: संजू सैमसन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में कमाल की बल्लेबाजी की। भारतीय बल्लेबाज सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप में नया इतिहास रच डाला है।

गजब की फॉर्म में चल रहे विकेटकीपर संजू सैमसन का भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में भी बल्ला बोला। उन्होंने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में तूफानी बल्लेबाजी की। बतौर ओपनर उतरे सैमसन महज 11 रनों से सेंचुरी से चूके। उन्होंने 46 गेंदों में 5 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 89 रनों की पारी खेली। सैमसन ने टूर्नामेंट में लगातार तीसरे मैच में पचास प्लस स्कोर बनाया है। उन्होंने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 89 और वेस्टइंडीज के सामने सुपर-8 मैच में नाबाद 97 रनों की पारी खेली थी।
संजू सैमसन ने रच डाला नया इतिहास
सैमसन भले ही सेंचुरी से चूक गए लेकिन उन्होंने एक नया इतिहास रच डाला है। वह टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले प्लेयर बन गए हैं। उन्होंने मार्लन सैमुअल्स और केन विलियमसन का रिकॉर्ड ध्वस्त किया है। वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज सैमुअल्स ने 2016 में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 66 गेंदों में नाबाद 85 रन बनाए थे, जिसमें 9 चौके और दो छक्के हैं। न्यूजीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज विलियमसन ने 2021 में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध फाइनल में 48 गेंदों में 10 चौकों और तीन छक्कों के जरिए 85 रन जुटाए थे। सैमसन से पहले फाइनल में भारत की ओर से सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था। कोहली ने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में में 58 गेंदों में 77 रन बनाए थे। उनके बल्ले से पांच चौके और चार छक्के निकले थे।
T20 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में सबसे बड़ी पारी
89 - इंग्लैंड के खिलाफ (न्यूजीलैंड के खिलाफ)
85* - मार्लन सैमुअल्स (इंग्लैंड के खिलाफ)
85 - केन विलियमसन (ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ)
78 - मार्लन सैमुअल्स (श्रीलंका के खिलाफ)
77* - मिचेल मार्श (न्यूजीलैंड के खिलाफ)
77 - विराट कोहली (श्रीलंका के खिलाफ)
सैमसन के अलावा इनका बल्ला भी बोला
भारत ने संजू सैमसन (89 रन), अभिषेक शर्मा (52 रन) और ईशान किशन (54 रन) के पचास प्लस स्कोर के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 255/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया। सैमसन ने अभिषेक के साथ पहले विकेट के लिए 98 रन की और दूसरे विकेट के लिए किशन के साथ 105 रन की साझेदारी की। सैमसन ने 46 गेंद की पारी में पांच चौके और आठ छक्के जड़े। अभिषेक ने 18 गेंद में अर्धशतक जड़ा जो टी20 वर्ल्ड कप नॉकआउट मैच का और इस चरण का सबसे तेज अर्धशतक भी है। उन्होंने 21 गेंद की पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए लेकिन रचिन रविंद्र की गेंद में विकेटकीपर को कैच देकर आउट हो गए। इस तरह भारत ने अपना पहला विकेट 98 रन पर गंवाया। किशन ने 25 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और चार छक्के जमाए। अंत में शिवम दुबे ने आठ गेंद में तीन चौके और दो छक्के से नाबाद 26 रन का योगदान दिया।
लेखक के बारे में
Md.Akramमोहम्मद अकरम: खेल पत्रकार
परिचय: मोहम्मद अकरम 10 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रॉड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। इन्हें खेल और राजनीति की दुनिया में गहरी दिलचस्पी है। क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़े अपडेट्स, मैच एनालिसिस और स्टोरी रिसर्च बखूबी अंजाम देते हैं। अकरम का मानना है कि खेल पत्रकारिता सिर्फ स्कोर बताने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल की भावना, खिलाड़ियों की मेहनत और उससे जुड़ी कहानियों को सामने लाना भी उतना ही जरूरी है।
अनुभव: अकरम को कंटेंट रिसर्च, स्क्रिप्ट राइटिंग, स्टोरीटेलिंग और एडिटिंग का अच्छा अनुभव है। 2016 में अमर उजाला की ओर से पत्रकारिता में डेब्यू किया। 2019 में टाइम्स नाउ से जुड़े और पांच साल यहां रहे। साल 2022 से लाइव हिंदुस्तान का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया के बदलते ट्रेंड्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और ऑडियंस बिहेवियर को समझकर कंटेंट तैयार करते हैं, जो प्रभावशाली हो। ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स, क्रिकेट वर्ल्ड कप और आईपीएल जैसे इवेंट कवर किए हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: अकरम ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया से बी.ए. (ऑनर्स) मास मीडिया और आईआईएमसी से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है। शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रोफेशनल अनुभव ने अकरम को मीडिया की बुनियादी समझ के साथ-साथ प्रैक्टिकल अप्रोच भी दी है। सीखते रहना और खुद को लगातार अपडेट करना प्रोफेशनल आदतों में शामिल है।
विशेषज्ञता:
मैचों की लाइव कवरेज और एनालिसिस
स्टैट्स बेस्ड दिलचस्पी स्टोरीज
हेडलाइन फ्रेमिंग और कॉपी एडिटिंग में मजबूत पकड़
डेडलाइन मैनेजमेंट और हाई-प्रेशर सिचुएशन में सटीक निर्णय



