टीम इंडिया के कोच ने की रोहित शर्मा और विराट कोहली की जमकर तारीफ, बोले- वह ड्रेसिंग रूम में…
विराट कोहली और रोहित शर्मा की तारीफ भारतीय टीम के स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले ने की है। दोनों को लेकर कोच का कहना है कि वे ड्रेसिंग रूम में अनुभव लेकर आते हैं, जिससे युवा सीखते हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले ने टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली की तारीफ की है। कोच बहुतुले का कहना है कि भारत के वनडे सेटअप में रोहित और विराट का अनुभव बहुत ज्यादा मायने रखता है। रोहित और विराट सिर्फ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में एक्टिव हैं और वर्ल्ड कप 2027 साथ में खेलना चाहते हैं, जो दोनों का आखिरी इंटरनेशनल टूर्नामेंट होने वाला है। इस बारे में दोनों ही खिलाड़ी बात कर चुके हैं। पहले वनडे मैच से पहले उनका एक इंटरव्यू भी जियोहॉटस्टार पर आया था, जिसमें दोनों ने ही वर्ल्ड कप को लेकर बात की थी।
विराट ने तिरुवनंतपुरम में शतक जड़ा था। इसको लेकर दूसरे वनडे मैच से पहले बहुतुले ने कहा, "मुझे लगता है कि वह हर एक सीरीज और हर एक मैच के बाद और भी बेहतर होते जा रहे हैं। वह ऐसा खिलाड़ी है जो इतना कुछ हासिल करने के बाद भी सुधार करना चाहता है, जो शानदार है और रोहित भी टीम में हैं, दोनों ही टीम में अनुभव लाते हैं और मुझे लगता है कि सभी युवा खिलाड़ी इससे सीखते हैं और वे अपने अनुभव, अपनी बातचीत से आगे बढ़ते हैं। यह निश्चित रूप से कुछ ऐसा है जो उनकी मौजूदगी से युवाओं की मदद करता है।"
भारत जीत चुका है पहला वनडे मैच
टीम इंडिया ने 3 मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। आज यानी बुधवार 30 सितंबर को होने वाले मैच में अगर भारत को जीत मिलती है तो भारतीय टीम सीरीज जीत जाएगी। पहले मैच में विराट कोहली ने 139 रनों की नाबाद पारी खेली थी, जबकि शुभमन गिल ने 110 रन बनाए थे। रोहित शर्मा 32 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, प्लेयर ऑफ द मैच कुलदीप यादव रहे थे, जिन्होंने 4 विकेट लेकर गेम पलटने का काम किया था।
कुलदीप शानदार गेंदबाज हैं- कोच बहुतुले
स्पिन बॉलिंग कोच साईराज बहुतुले ने कुलदीप यादव की भी तारीफ की और कहा, "कुलदीप हमेशा इंडिया के लिए मैच विनर रहे हैं। उन्होंने बहुत अच्छा परफॉर्म किया है। उनके नंबर्स भी यह दिखाते हैं और वह अपने गेम पर बहुत मेहनत करते हैं। आप जानते हैं, कुछ ऐसी बातें हैं, जिनमें उन्हें लगता है कि उन्हें इम्प्रूव करने की जरूरत है। वह नेट्स में जाएंगे, उस पर काम करेंगे और कुछ ऐसी बातें हैं जिनके बारे में उन्हें बहुत कॉन्फिडेंस है, क्योंकि वह सालों से इस टीम का हिस्सा रहे हैं।"



