साहिबजादा फरहान का कमाल, फिर भी मैच हार गया पाकिस्तान, श्रीलंका ने 8 विकेट से घर पर रौंदा
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज समाप्त हो गई है। पाकिस्तान के कप्तान साहिबजादा फरहान ने इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड भी दिया गया। हालांकि, पाक टीम आखिरी मुकाबला श्रीलंका से 8 विकेट से बुरी तरह हार गई।

मौजूदा समय में श्रीलंका की टीम पाकिस्तान के दौरे पर है, जहां तीन टी-20 मैचों की सीरीज हो चुकी है, जबकि दो टेस्ट मैच इस दौरे में अभी खेले जाने शेष हैं। टी-20 सीरीज को पाकिस्तान ने 2-1 से अपने नाम कर लिया है, लेकिन आखिरी मैच में श्रीलंका ने जोरदार वापसी करते हुए पाक टीम को 8 विकेट से उनके घर पर रौंद दिया है। रावलपिंडी में खेले गए इस आखिरी मुकाबले में पाकिस्तान ने कप्तान साहिबजादा फरहान की शानदार बल्लेबाजी की मदद से निर्धारित 20 ओवरों में 168/8 रन बनाए थे। 169 रनों के मिले लक्ष्य को श्रीलंका की टीम ने कुसल मेंडिस के नाबाद 48 गेंदों में 87 रनों की मदद से 17.1 ओवर में 17 गेंदें शेष रहते हुए हासिल कर लिया।
मंगलवार को खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका के कप्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया और उनका यह फैसला बहुत हद तक सही साबित हुआ। पाकिस्तान ने अपना पहला विकेट फखर जमान के रूप में 34 रनों के स्कोर पर खोया इसके बाद मानो विकटों की झड़ी लग गई। वो तो शुक्र है कि एक छोर पर कप्तान साहिबजादा फरहान खड़े रहे वर्ना पाकिस्तान की टीम ज्यादा देर तक टिक नहीं पाती। आखिरकार पाक टीम ने निर्धारित 20 ओवर तक बल्लेबाजी की और 168 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाया। कप्तान साहिबजादा फरहान ने 7 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 161 से अधिक की स्ट्राइक रेट से कुल 72 रन बनाए। आखिर में अफारात मिन्हास ने 34 रनों की पारी खेली। श्रीलंका की ओर से दासुन शनाका ने 3 विकेट लिए जबकि मलिंगा और थुशारा को 2-2 विकेट मिले। एक विकेट विजयकांत के खाते में गया।
169 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही और 15 रन पर पहला विकेट गिर गया। हालांकि, दूसरे विकेट के लिए कुसल मेंडिस और सिनेथ जयवर्धने ने 59 रनों की साझेदारी की। दूसरा विकेट 74 के स्कोर पर गिरा। इसके बाद कुसल मेंडिस और कामिंदु मेंडिस ने 98 रनों की साझेदारी की और टीम को 8 विकेट से जीत दिलाई। पाकिस्तान को उनके घर पर हराकर सीरीज में अपनी लाज बचाई। कुसल मेंडिस ने 48 गेंदों में 87 रन बनाए, जबकि कामिंदु मेंडिस ने 27 गेंदों में 40 रनों का योगदान दिया। सिनेथ जयवर्धना ने 26 गेंदों में 38 रन बनाए। लाहिरू उदरा 1 रन बनाकर आउट हो गए। श्रीलंका ने 17.1 ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया।
पाकिस्तान के कप्तान ने किया दमदार प्रदर्शन
तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मैच में पाकिस्तान ने चार विकेट से जीत हासिल की थी और दूसरे मुकाबले में मेहमान टीम को 82 रनों से शिकस्त दी थी। हालांकि, आखिरी टी-20 मैच में श्रीलंका ने पलटवार किया और जीत हासिल की। इस मैच के अलावा पूरी सीरीज में पाकिस्तान के कप्तान साहिबजादा फरहान ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पूरी सीरीज में कमाल का प्रदर्शन करते हुए 238 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए कुसल मेंडिस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


