पाकिस्तान के नए कप्तान के बल्ले ने उगली आग, T20 सीरीज में ठोक दिए 238 रन; साथ में जीता ये अवॉर्ड
पाकिस्तान के नए कप्तान साहिबजादा फरहान के बल्ले ने आग उगली। वे 3 मैचों की T20 सीरीज में 238 रन बनाने में कामयाब हुई। इसी के साथ में उन्होंने प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी जीत लिया।

पाकिस्तान की टी20 टीम के नए कप्तान अब साहिबजादा फरहान हैं। उनको एशियन गेम्स 2026 में पहली बार कप्तान के तौर पर देखा गया था, जबकि घर पर श्रीलंका के खिलाफ मंगलवार 13 अक्टूबर को समाप्त हुई सीरीज से पहले आधिकारिक तौर पर पाकिस्तान की टी20 टीम का फुलटाइम कैप्टन घोषित किया गया। उन्होंने भी दिखा दिया कि वे क्या कर सकते हैं। पाकिस्तान को सीरीज में जीत दिलाई और खुद भी सीरीज में सबसे बड़े रन स्कोरर रहे। साहिबाजादा फरहान अकेले ऐसे बल्लेबाज थे, जिन्होंने इस 3 मैचों की सीरीज में 200 से ज्यादा रन बनाए और प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता।
साहिबाजादा फरहान का बल्ला एशियन गेम्स में तो नहीं चला था, लेकिन घर पर दबाव वाली परिस्थितियों में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ तीनों मैचों में अर्धशतक जड़े। पहले मैच में साहिबाजादा फरहान ने 53 गेंदों में 89 रनों की पारी खेली, जबकि दूसरे मैच में 44 गेंदों में 73 रन बनाए। वहीं, तीसरे मैच में 47 गेंदों में 76 रनों की पारी कप्तान फरहान ने खेली। इस तरह 3 मैचों में कुल 238 रन कप्तान साहिबाजादा फरहान ने बनाए। वह इस धमाकेदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुने गए।
इस 3 मैचों की सीरीज में साहिबाजादा फरहान के बल्ले ने आग उगली, क्योंकि कोई अन्य बल्लेबाज 150 रन भी 3 मैचों में नहीं बना पाया, लेकिन फरहान ने 238 रन बना दिए। दूसरे पायदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में इस सीरीज में माज सदाकत रहे। उन्होंने 3 मैचों में 146 रन बनाए, जबकि तीसरे नंबर के बल्लेबाज ने तो 100 रन भी इस सीरीज में नहीं बनाए। श्रीलंका के लाहिरु उडारा ने 3 मैचों में 97 रन बनाए। इतने ही रन कुसल मेंडिस के बल्ले से आए। साहिबाजादा फरहान ने इस सीरीज में 21 चौके और 12 छक्के जड़े।
पाकिस्तान वर्सेस श्रीलंका टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन
- साहिबजादा फरहान - 238 रन
- माज सदाकत - 146 रन
- लाहिरु उडारा - 97 रन
- कुसल मेंडिस - 97 रन
साहिबजादा फरहान का करियर अभी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में उतना बड़ा नहीं है। 50 ही मैच उन्होंने खेले हैं और इनमें उनके रनों की संख्या 1554 है। 2 शतक और 13 अर्धशतक इस बल्लेबाज ने जड़े हैं। 32.38 का औसत फरहान का टी20 क्रिकेट में है, जबकि स्ट्राइक रेट 139.50 का है, जो सबसे ज्यादा सवालों के घेरे में रहता है। हालांकि, उनका स्ट्राइक रेट पहले के सलामी बल्लेबाजों के मुकाबले बहुत अच्छा है और इसका फायदा टीम को भी मिल रहा है।



